
उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर (Mahakaleshwar Temple) में भस्म आरती (Bhasma Aarti) और विशेष दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हाल ही में महाराष्ट्र से आए श्रद्धालुओं से 5 हजार रुपये की ठगी के बाद अब गुजरात (Gujarat) की दो महिलाओं (Women) से 42 हजार रुपये की धोखाधड़ी (Fraud) का मामला सामने आया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुजरात निवासी वीणा धनेरिया ने महाकाल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह अपनी मित्र अल्पना पटेल के साथ 15 मई को उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में भस्म आरती में शामिल होने आई थीं।
गूगल सर्च से शुरू हुई ठगी
महिलाओं ने भस्म आरती की बुकिंग के लिए गूगल पर सर्च किया, जहां उन्हें पंडित दीपक मिश्रा नाम के व्यक्ति का मोबाइल नंबर मिला। आरोप है कि व्यक्ति ने खुद को मंदिर से जुड़ा बताते हुए नंदी हॉल में बैठाकर विशेष भस्म आरती दर्शन कराने का भरोसा दिया। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में उनसे कुल 42 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए गए। आरोपी लगातार यह भरोसा दिलाता रहा कि बुकिंग प्रक्रिया पूरी हो रही है।
पैसे लेने के बाद टालमटोल
16 मई की शाम आरोपी ने फोन कर कहा कि बुकिंग नहीं हो सकी है और वह पैसे वापस कर देगा। इसके बाद जब दोनों महिलाएं महाकाल मंदिर के आधिकारिक काउंटर पर पहुंचीं तो उन्हें बताया गया कि इस तरह की कोई ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया नहीं है और न ही इस नाम का कोई व्यक्ति मंदिर से जुड़ा है। इसके बाद महिलाओं को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने महाकाल थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में सागर का युवक संदिग्ध
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल के अनुसार, मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी सागर जिले का रहने वाला है और उज्जैन में मंदिरों में पूजा-पाठ का काम करता है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
इससे पहले 13 मई को पुणे के मानव गायकवाड़ और उनके साथियों से भी भस्म आरती के नाम पर 5 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया था। उस केस में भी आरोप था कि दर्शन कराने के नाम पर पैसे लेकर श्रद्धालुओं को गुमराह किया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved