
भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के सरकारी स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों के लिए भीषण गर्मी के बीच एक बेहद राहत भरी खबर सामने आ रही है। स्कूल शिक्षा विभाग शिक्षकों को गर्मी का बड़ा तोहफा देने की तैयारी मे है। प्रदेश में चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान को देखते हुए शिक्षकों के ग्राष्मकालीन अवकाश को 15 दिन आगे बढ़ाया जा सकता है।
31 मई की जगह 15 जून तक मिल सकती है छुट्टी
शिक्षकों के लिए ग्रीष्मकालीन अवकाश आगामी 31 मई को समाप्त हो रहा था और उन्हें 1 जून से दोबारा स्कूलों में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी थी। लेकिन विभागीय सूत्रों की मानें तो अब इस अवकाश को 15 जून तक बढ़ाने की पूरी तैयारी कर ली गई है। गौरतलब है कि शिक्षकों की ये छुट्टियां 1 मई से शुरू हुई थीं।
बच्चों के लिए भी बढ़ेगा अवकाश, 22 जून तक बंद रह सकते हैं स्कूल
शिक्षकों के साथ-साथ स्कूली बच्चों के लिए भी शिक्षा विभाग बड़ा फैसला लेने जा रहा है। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार बच्चों के लिए ग्रीष्मकालीन अवकाश 15 जून को समाप्त हो रहे थे, जिसे अब बढ़ाकर 22 जून करने की तैयारी है। यानी नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत अब और आगे खिसक सकती है। जिससे बच्चों को भीषण गर्मी और लू (Heat Wave) से बड़ी राहत मिलेगी।
जल्द जारी हो सकते हैं आधिकारिक आदेश
बढ़ते पारे और अभिभावकों व शिक्षक संगठनों की मांग को देखते हुए सरकार इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रही है। माना जा रहा है कि स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी किए जाएंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved