
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में आगामी 21 जून को 36वाँ दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शामिल होने की पूरी संभावना है, जिसके चलते प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी सिलसिले में विश्वविद्यालय परिसर में जिला और विश्वविद्यालय प्रशासन के आला अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा, जिला कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, एसडीएम मोनिका बाघमारे और कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक के दौरान सभी अधिकारियों ने दीक्षांत समारोह से जुड़ी विभिन्न समितियों के संयोजकों के साथ मिलकर व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
शनिवार को भी खुले रहेंगे कार्यालय
दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए एक बड़ी राहत दी गई है। विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए शनिवार 6 जून को अवकाश के दिन भी विश्वविद्यालय से संबंधित सभी जरूरी कार्यालय खुले रखने का निर्णय लिया गया है। छात्र अपने रजिस्ट्रेशन के काम के लिए दोपहर 12 बजे से लेकर सायं 5 बजे के बीच विश्वविद्यालय आकर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गोल्ड मेडल पाने वाले छात्र और पीएचडी की उपाधि लेने वाले शोधार्थी तय समय में अपने विभाग से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
15 जून तक करा सकते हैं पंजीयन
समारोह में उपाधि और मेडल प्राप्त करने वाले सभी पात्र छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस दीक्षांत समारोह का हिस्सा बनने के लिए पंजीयन कराने की आखिरी तारीख 15 जून तय की गई है। आयोजन समिति के संयोजक प्रो. एस.एस. संधू ने बताया कि जिन विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक मिलना है, वे छात्र कल्याण अधिष्ठाता यानी डीएसडब्ल्यू कार्यालय में संपर्क करें।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved