
जबलपुर। शहर की मदिरा दुकानों में शासकीय नियमों के कथित उल्लंघन, अवैध अहातों के संचालन और निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बिक्री के आरोपों को लेकर युवा कांग्रेस ने आबकारी विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
युवा कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर जिलेभर की शराब दुकानों का भौतिक सत्यापन कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। युवा कांग्रेस अध्यक्ष सतेंद्र सोनू कुकरेले एवं पूर्व प्रदेश सचिव भानु यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि आबकारी विभाग की समीक्षा बैठकों में शराब दुकानों पर रेट लिस्ट और क्यूआर कोड अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर अधिकांश दुकानों में इन निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कई स्थानों पर ग्राहकों से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूली जा रही है। ज्ञापन में शराब दुकानों की धार्मिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों से निर्धारित दूरी के नियमों के पालन पर भी सवाल उठाए गए। युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चंडालभाटा स्थित मदिरा दुकान मंदिर के नजदीक संचालित हो रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved