शिवपुरी। सोशल मीडिया पर लग्जरी लाइफस्टाइल (Luxury Lifestyle), महंगे जेवर और नकदी का प्रदर्शन करना मध्य प्रदेश के शिवपुरी की एक महिला यूट्यूबर (female youtuber) को भारी पड़ गया। जिले के ग्राम मोहनी (Village Mohini) में रहने वाली महिला के घर चोरों ने सुनियोजित तरीके से धावा बोलकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घर और संपत्ति की रेकी की थी।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला रचना गुर्जर ने कुछ समय पहले अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और लग्जरी वाहन के साथ तस्वीरें और वीडियो साझा किए थे। माना जा रहा है कि इन्हीं पोस्ट्स के आधार पर बदमाशों ने घर को निशाना बनाया।
बताया गया है कि चोर पहले घर की बाउंड्री तक पहुंचे और सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के कंटीले तारों को कटर से काट दिया। इसके बाद वे अपने साथ लाई गई सीढ़ी की मदद से दीवार फांदकर घर के भीतर दाखिल हुए।
घर में लगे सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए बदमाशों ने चालाकी दिखाई। एक आरोपी ने लंबे डंडे की मदद से कैमरे का रुख ऊपर की ओर मोड़ दिया, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें और पहचान छिपी रहे।
इसके बाद चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। हालांकि, भागने से पहले उनकी कुछ गतिविधियां सीसीटीवी में कैद हो गईं, जो अब जांच का अहम हिस्सा हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी संजीव मूले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved