
जबलपुर। रांझी इलाके में हुए चर्चित सिविल इंजीनियर क्लारेन्स एटकीन्स हत्याकांड के मुख्य फरार शूटर प्रिंस नेल्सन उर्फ आशीष नेल्सन को पुलिस ने गोरखपुर की ईसाई कॉलोनी के पास से दबोच लिया है। रांझी थाना प्रभारी उमेश कुमार गोल्हानी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 25 वर्षीय प्रिंस के साथ उसके 16 वर्षीय विधि-विवादित बाल सहयोगी को भी कस्टडी में लिया है। पुलिस ने इनके पास से 1 देशी ऑटोमेटिक पिस्टल, 2 कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा आरोपी पर 10000 रुपये और पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर रेंज अतुल सिंह द्वारा 20000 रुपये का नकद ईनाम घोषित था। इस वारदात का मुख्य साजिशकर्ता प्रिंस का पिता बाबा नेल्सन उर्फ विकास नेल्सन उर्फ रिंकू नेल्सन है, जो वारदात के बाद से ही लगातार फरार चल रहा है। पुलिस पूर्व में ही हत्या में सहयोग करने वाले सह-आरोपियों तेजबल उर्फ अरुण रैकवार और मोहित ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
गोरखपुर में घेराबंदी कर मुख्य आरोपी और बाल साथी दबोचे
रांझी क्षेत्र में 23 अप्रैल 2026 को सिविल इंजीनियर क्लारेन्स एटकीन्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही मुख्य आरोपी प्रिंस नेल्सन और उसका पिता पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे थे। रांझी पुलिस को मुखबिर से सटीक इनपुट मिला कि आरोपी गोरखपुर की ईसाई कॉलोनी के पास छिपा हुआ है। सूचना की तस्दीक कर पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से घेराबंदी की और मुख्य आरोपी प्रिंस को उसके नाबालिग साथी के साथ धरदबोचा। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार और वाहन बरामद किया।
पूर्व में मददगार साथी गिरफ्तार और मुख्य आरोपी कोर्ट में पेश
पुलिस जांच में यह बात साफ हो चुकी है कि इस पूरे हत्याकांड का ताना-बाना प्रिंस के पिता बाबा नेल्सन ने बुना था। घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शूटरों की मदद करने वाले आरोपियों को दबोच लिया था। इनमें नरसिंहपुर के सुआतला का रहने वाला तेजबल उर्फ अरुण रैकवार शामिल है, जो माढोताल के अनमोल वाटिका में रह रहा था। इसके साथ ही कैंट थाना क्षेत्र के वर्धा हाउस पुल नंबर 02 निवासी मोहित ठाकुर को भी पकड़ा गया था। गिरफ्तार मुख्य आरोपी प्रिंस नेल्सन को पुलिस द्वारा न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि उसके बाल साथी को किशोर न्याय बोर्ड के सामने प्रस्तुत करने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
फरार मास्टरमाइंड पिता बाबा नेल्सन की तलाश में लगातार छापेमारी
इस पूरी वारदात की मुख्य कमान संभालने वाला साजिशकर्ता बाबा नेल्सन उर्फ विकास नेल्सन अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस कप्तान और डीआईजी द्वारा इनामी उद्घोषणा के बाद से ही पुलिस की अलग-अलग टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। इस पूरी सफल कार्रवाई और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में रांझी थाना प्रभारी उमेश कुमार गोल्हानी के साथ उप निरीक्षक मयंक सिंह यादव, सहायक उप निरीक्षक मनीष जाटव, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम, आरक्षक मनीष और आरक्षक अभिषेक मिश्रा की विशेष और उल्लेखनीय भूमिका रही।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved