मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ (Meerut) जिले में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म (Mischief) के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि देर रात एक युवक उनके कमरे में घुस आया, उन्हें बंधक बनाकर जबरदस्ती करने की कोशिश की, विरोध करने पर कपड़े फाड़ दिए और मारपीट की। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, इंचौली क्षेत्र स्थित एक जूनियर हाईस्कूल परिसर में रहने वाली बुजुर्ग महिला ने सोमवार को अपने अधिवक्ता के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने उन्हें रहने के लिए एक क्वार्टर उपलब्ध कराया है, जहां वह रात में परिसर की देखरेख भी करती हैं।
पीड़िता के मुताबिक, 20 जून की देर रात वह अपने कमरे में मौजूद थीं। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति स्कूल की दीवार फांदकर अंदर घुस आया। आरोप है कि उसने महिला को बंधक बनाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। किसी तरह आरोपी वहां से फरार हो गया।
महिला का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने इंचौली थाने में शिकायत की थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी कार्यालय से संबंधित क्षेत्राधिकारी (सीओ) और थाना प्रभारी को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved