
इंदौर। मानसून की पहली बारिश से बायपास की बदहाल व्यवस्था से परेशानी बढ़ गई है। जगह-जगह उखड़ीं सडक़ें सर्विस रोड पर बने गहरे गड्ढे, बंद पड़ीं स्ट्रीट लाइटें और झलारिया ब्रिज का धीमी गति से चल रहा निर्माण कार्य वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन बारिश के बाद सफर जोखिमभरा हो गया है।
पहली बारिश के कारण सर्विस रोड पर बने गहरे ग्डढों में पानी भर गया है, जिससे वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इसके चलते दोपहिया और चार पहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। कई वाहन गड्ढों में फंसकर खराब हो रहे हैं, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ घंटों परेशान होना पड़ रहा है।
हर दिन जाम से जूझ रहे लोग
खराब सडक़ और निर्माण कार्य के चलते बायपास पर दिनभर यातायात प्रभावित रहता है। पीकआवर्स में कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है। इससे एम्बुलेंस, स्कूली बसों और कार्यालय जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बंद स्ट्रीट लाइटों से बढ़ा खतरा
करोड़ों रुपए की लागत से लगाए गए स्ट्रीट लाइट सिस्टम के बंद होने से रात के समय पूरा बायपास अंधेरे में डूब जाता है। गहरे गड्ढों और अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। स्थानीय लोग लंबे समय से स्ट्रीट लाइटें चालू कराने की मांग कर रहे हैं।
झलारिया ब्रिज का धीमा निर्माण
बायपास पर निर्माणाधीन झलारिया ब्रिज का कार्य भी धीमी गति से चल रहा है। बारिश शुरू होने के बावजूद निर्माण पूरा नहीं होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय पर निर्माण पूरा होता तो वर्तमान परेशानी काफी हद तक कम हो सकती थी।
परेशान लोगों ने उठाए सवाल
सज्जन सिंह कुशवाह, हंसराज मंडलोई ने सडक़ की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्थाएं नहीं सुधारी गईं तो गंभीर हादसे का अंदेशा हमेशा बना रहता है। अनिल सिसोदिया, उदय सिंह का कहना है कि झलारिया ब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा कराने, सर्विस रोड की मरम्मत, बंद स्ट्रीट लाइटें चालू कराने तथा जिम्मेदार एजेंसियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है, साथ ही टोल वसूलने वाली कंपनी की कार्यप्रणाली की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की भी मांग उठाई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved