
- मिलावट की शंका में 33 नमूने जाँच के लिए लैब भेजे-रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर होगी कार्रवाई
उज्जैन। त्यौहारों और बढ़ती खपत के बीच बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को शहर और जिले में छापा मार कार्रवाई की। इस मुहिम में महिदपुर, घोसला और घट्टिया क्षेत्र के प्रतिष्ठानों से मिठाइयों, दूध, पनीर, चाय, पोहा, बेसन, कुट्टू आटा और ऑलिव ऑयल समेत 33 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जाँच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
अधिकारियों ने कहा कि रिपोर्ट में मिलावट या गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान माहेश्वरी नमकीन एंड स्वीट्स, लालश्री मिष्ठान भंडार, श्रीगंगा, सतयुग रेस्टोरेंट स्वीट्स एंड डेयरी तथा मगनीराम मुरलीधर सहित कई प्रतिष्ठानों से चांदी वर्क वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। वहीं महिदपुर, घोसला और घट्टिया क्षेत्र में भी डेयरी व मिष्ठान दुकानों पर जाँच कर सैंपल एकत्र किए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे केवल लाइसेंसी और विश्वसनीय दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें। यदि कहीं मिलावट या अनियमितता की आशंका हो तो उसकी सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि उपभोक्ताओं तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुँचाना निर्धारित किया जा सके।