
इंदौर। इंदौर शहर अधिकारियों की लापरवाही की यातना इस कदर भोग रहा है कि अपने जीवन के कई घंटे यातायात के महाजाम से जूझने में बीत जाते हैं। हाल ही की बारिश में सडक़ों पर लगा महाजाम तो जगजाहिर है, लेकिन पिछले करीब एक माह से उज्जैन रोड पर सांवेर रोड से अरबिंदो हॉस्पिटल तक हर दिन तीन से चार घंटे का जाम लग रहा है और उसे व्यवस्थित करने के लिए न तो एक पुलिसकर्मी वहां मौजूद रहता है और न ही नगर निगम द्वारा उधड़ी हुई सर्विस रोड को व्यवस्थित कर यातायात को सुगम बनाया जा रहा है। हालत यह है कि कई वाहन इस जाम से बचने के लिए आसपास की गलियों में घुस तो जाते हैं, लेकिन उन्हें इससे ज्यादा मुसीबत का सामना इन गलियों में करना पड़ता है, क्योंकि न केवल इन गलियों की सडक़ें संकरी हैं, बल्कि वहां भी जाम लग जाता है।
मार्ग की सारी गलियों में भी घंटों जाम
अरबिंदो हॉस्पिटल के आसपास की सर्विस रोड से लेकर उससे पहले के चौराहे पर हर 2 से 4 घंटे में जाम लग जाता है और वाहन चालक कई घंटे तक जाम में फंसे रहते हैं। यह सिलसिला कई दिनों से जारी है। बाणगंगा क्षेत्र से सांवेर रोड होकर अरबिंदो जाने वाली मुख्य सडक़ कई जगह खोद दी गई है और कई जगह सारा ट्रैफिक गड्ढेदार सर्विस रोड से गुजर रहा है। वहां आसपास की फैक्ट्रियों और औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले सैकड़ों कर्मचारी और बरदरी, रेवती रेंज, पालिया, अरबिंदो हॉस्पिटल के आसपास की टाउनशिप में रहने वाले लोगों के साथ-साथ उज्जैन और सांवेर जाने वाले लोगों की भीड़ सुबह से लेकर शाम तक दिनभर में कई बार लगने वाले जाम में फंसती है।
यह सिलसिला कई माह से चल रहा है। कई वाहन चालकों की तो मजबूरी है कि उन्हें रोज इसी सडक़ से आवागमन करना होता है, क्योंकि कोई और सडक़ का विकल्प उनके सामने नहीं है। इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा वहां बड़े फ्लाय ओवर का निर्माण कराया जा रहा है और इसी के चलते वहां सडक़ों की दशा और दिशा ही बिगाड़ दी गई। इस मामले को लेकर नगर निगम और प्राधिकरण के अफसरों की दो बार बैठक हो चुकी है। निगम ने प्राधिकरण के अफसरों को सडक़ें सुधारने को कहा था, लेकिन उसके बावजूद अफसरों की लापरवाही का खामियाजा सैकड़ों लोग रोज भुगत रहे हैं।
ब्रिज के नीचे कई जगह मुख्य सडक़ ही खोद डाली
अरबिंदो हॉस्पिटल के पहले चौराहे के समीप कई जगह मुख्य सडक़ ही खोद दी गई और वहां अब नई सडक़ बनाने का काम शुरू होना है, लेकिन इन सबके बीच ट्रैफिक का कबाड़ा हो रहा है और मुख्य सडक़ बंद होने से यातायात का सारा दबाव सर्विस रोड पर आ गया है ।
अब बारिश में और ज्यादा फजीहत, पहले उखड़ी सडक़ें दिखती थीं, अब गाड़ी सीधे पानीभरे गड्ढे में
बारिश के चलते दोनों सर्विस रोड पर पानी भर जाने के कारण छोटे बड़े वाहन चालक धीमी गति से गुजर रहे थे, जिसके कारण वहां जाम लग रहा है और उज्जैन जा रही कई यात्री बसें भी अटक रही हैं। बारिश के बाद वहां सर्विस रोड पानी में डूब गई थी और खस्ताहाल सर्विस रोड के कारण वाहन चालक गिर रहे हैं।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
हमने प्राधिकरण के अफसरों को कहा है कि सर्विस रोड और अन्य सडक़ों के काम अरबिंदो क्षेत्र में जल्द से जल्द पूरे कराए जाएं और साथ ही उखड़ी हुई सर्विस रोड भी बनाने का काम शुरू हो, ताकि वहां वाहन चालकों को जाम से निजात मिल सके।
अभय राजनगांवकर- अपर आयुक्त जनकार्य विभाग
उक्त पूरे क्षेत्र में यातायात पुलिस के दो सूबेदार और टीम दो शिफ्ट में तैनात होते हैं। यहां की सडक़ों की हालत खराब है। एक माह से कहा जा रहा है कि सर्विस रोड को दुरुस्त किया जाए, लेकिन सर्विस रोड तैयार नहीं की जा रही है। वैसे ही रोड संकरी और खराब है ऐसे में अगर कोई छोटी गाड़ी भी यहां खराब हो जाती है, तो उसका प्रभाव नजर आ जाता है। यातायात पुलिस जल्द से जल्द यहां व्यवस्था ठीक करने के प्रयास करती है।
एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार कौल
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved