
इंदौर। एक और गृह निर्माण संस्था (Housing Construction Society) पर भूमाफियाओं (Land mafias) ने कब्जा कर रखा है और फर्जी सदस्यों को भूखंडों (Plots of land) का आबंटन कर दिया। खजराना में 15 एकड़ जमीन पर आदिनाथ गृह निर्माण संस्था (Adinath Housing Society) की कॉलोनी सफा पार्क विकसित की गई है। पिछले दिनों कलेक्टर को मिली शिकायत के बाद दो सदस्यीय जांच समिति गठित की गई, जिसमें संयुक्त आयुक्तडॉ. शिवेन्द्र देवपांडे और आरके पाटिल सहायक आयुक्त को जिम्मेदारी दी गई।
अध्यक्ष आदिनाथ गृह निर्माण को जांच कमेटी ने 17 बिन्दुओं के आधार पर एक पत्र भेजा, जिसमें सदस्यों की सूची, हाईकोर्ट द्वारा पारित आदेश के साथ-साथ सीलिंग एक्ट की धारा 20 के तहत दी गई छूट और खजराना स्थित सफा पार्क कॉलोनी में मंजूर 389 भूखंडों के मंजूर अभिन्यास, विकास अनुमति और अन्य के रिकॉर्ड के साथ-साथ अभी तक कितने सदस्यों को भूखंड वितरित किए गए और जनवरी 2026 के बाद संस्था ने किन सदस्यों की नई भर्ती, भूखंडों का पंजीयन करवाया गया। इसके साथ ही वर्ष 1997 से लेकर 2025 तक संस्था की वार्षिक आमसभा की जानकारी और 2024 को वरीयता सूची पर दावे-आपत्ति किसके द्वारा की गई, यह भी जानकारी मांगी गई है। दूसरी तरफ सहकारिता विभाग ने जो जांच प्रतिवेदन तैयार किया उसके मुताबिक यह पाया कि 26 सदस्यों द्वारा वरीयता क्रम का उल्लंघन करते हुए अवैध तरीके से नए सदस्यों को भूखंडों का आबंटन कर उनकी रजिस्ट्रियां करवा दी गई और संस्था अध्यक्ष द्वारा इस बारे में कोई भी संतोषजनक जवाब और रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किया गया और संस्था की 2022 तक की जो ऑडिट रिपोर्ट है उससे भी यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि संस्था अध्यक्ष और संचालक मंडल ने भू-घोटाला करते हुए नए सदस्यों की भर्ती कर दी और पुराने वरीयता सूची में शामिल सदस्यों को भूखंडों का आबंटन नहीं किया। कलेक्टर शिवम वर्मा के मुताबिक आदिनाथ गृह निर्माण संस्था की जांच चल रही है और इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ रिकॉर्ड भी जब्त करवाया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved