img-fluid

‘जंगली सूअर का दांत बनाएगा अमीर’, जानवरों की हड्डियां बेच रही थी महिला

July 06, 2026

उज्जैन: उज्जैन और बाबा महाकाल के नाम का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर लोगों को ठगने का मामला सामने आया है. इंस्टाग्राम पर खुद को उज्जैन का निवासी बताने वाली एक महिला वन्यजीवों के अवशेषों के जरिए शादी, वशीकरण, रोजगार और आर्थिक समस्याओं का समाधान करने का दावा कर रही थी. शिकायत के बाद वन विभाग की जांच में खुलासा हुआ कि महिला दिल्ली की रहने वाली है और अपने कथित कारोबार को बढ़ावा देने के लिए महाकाल और उज्जैन के नाम का इस्तेमाल कर रही थी. अब पूरे मामले की जांच आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसियों को सौंप दी गई है.

महिला इंस्टाग्राम के माध्यम से लोगों को शादी में आ रही परेशानियों, वशीकरण, रोजगार, आर्थिक तंगी और अन्य व्यक्तिगत समस्याओं का समाधान कराने का दावा करती थी. इसके लिए वह कथित रूप से वन्यजीवों के अवशेष जैसे दांत, बाल, हड्डियां, सींग, नाखून और पंजों को तंत्र-मंत्र से सिद्ध बताकर बेचने की बात करती थी. साथ ही दावा किया जाता था कि इन वस्तुओं के इस्तेमाल से हर तरह की समस्या दूर हो सकती है और आर्थिक लाभ भी प्राप्त हो सकता है. चूंकि मामला वन्यजीवों के अवशेषों से जुड़ा था, इसलिए इसकी शिकायत वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB) भोपाल को भेजी गई. इसके बाद उज्जैन वन विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू की.


  • उज्जैन के डीएफओ अनुराग तिवारी ने बताया कि जांच के दौरान वन विभाग की टीम ने ग्राहक बनकर महिला से संपर्क किया. बातचीत में स्पष्ट हुआ कि महिला उज्जैन में नहीं रहती, बल्कि दिल्ली से अपना काम संचालित करती है. वह केवल लोगों का विश्वास जीतने और अपने व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए उज्जैन और बाबा महाकाल के नाम का उपयोग कर रही थी.

    वन विभाग ने यह भी जांच की कि जिन बैंक खातों में लोगों से पैसे जमा कराए जा रहे थे, उनकी केवाईसी दिल्ली की निकली. इससे यह स्पष्ट हुआ कि महिला का संचालन दिल्ली से ही हो रहा है. डीएफओ अनुराग तिवारी के अनुसार, जांच से जुड़े सभी दस्तावेज और उपलब्ध साक्ष्य वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो, भोपाल को भेज दिए गए हैं. अब यह मामला आगे की कार्रवाई के लिए दिल्ली भेजा जाएगा, जहां संबंधित एजेंसियां इसकी विस्तृत जांच करेंगी.

    वन विभाग की जांच में यह भी सामने आया कि महिला अपनी इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर नियमित रूप से बाबा महाकाल की भस्म आरती, उज्जैन के मंदिरों और धार्मिक स्थलों के वीडियो तथा तस्वीरें साझा करती है. बीच-बीच में वह अपनी तस्वीरें और वीडियो भी पोस्ट करती है, ताकि लोगों को यह भरोसा हो कि वह वास्तव में उज्जैन में रहती है. इसके अलावा वह सोशल मीडिया पर कथित ग्राहकों के स्क्रीनशॉट भी साझा करती है, जिनमें लोग इन वन्यजीव अवशेषों से लाभ मिलने का दावा करते दिखाई देते हैं. इन्हीं पोस्टों के जरिए नए लोगों को आकर्षित करने की कोशिश की जाती थी.

    वन विभाग की जांच का एक अहम पहलू महिला के बैंक खातों में हुए वित्तीय लेनदेन भी हैं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिछले छह महीनों में उसके खातों में करीब चार करोड़ रुपये का ट्रांजैक्शन हुआ है. यह रकम छोटे-छोटे भुगतान के रूप में जमा हुई है. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह धनराशि कहीं वन्यजीवों के अवशेषों की कथित बिक्री या किसी अन्य अवैध गतिविधि से तो नहीं जुटाई गई. मामले की विस्तृत जांच के बाद ही पूरे नेटवर्क और कथित कारोबार की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी.

    Share:

  • शाम से रात तक छाए रहे बादल, रिमझिम से सिर्फ 2.2 मिमी बारिश मिली

    Mon Jul 6 , 2026
    आज भी दोपहर से रात के बीच बारिश की संभावना इन्दौर। शहर में कल दोपहर तक मौसम खुला रहा, इसके बाद घने बादल छाए और रात तक रुक-रुक कर कई बार रिमझिम बारिश भी हुई। लेकिन इससे शहर के खाते में सिर्फ 2.2 मिलीमीटर पानी ही जुड़ पाया। दिन में मौसम साफ रहने से तापमान […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved