
इन्दौर। भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा के बयान ने कल इंदौर की राजनीति को गरमा दिया। उन्होंने शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे पर न केवल पिंटू जोशी को अवैध कट्टे से धमकाने का आरोप लगाया, बल्कि यह भी कहा कि जीतू पटवारी के घर चिंटू को कई थप्पड़ भी मारे। इस मामले में सीधे तौर पर कांग्रेस की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। चौकसे का यही कहना है कि मिश्रा में गंभीरता नहीं है, वे क्या कह रहे हैं?
दो दिन पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के घर हुई शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों की बैठक में शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे और 3 नंबर के प्रभारी पिंटू जोशी के बीच कुछ विवाद हो गया था, जिसे बड़े नेताओं ने बीच बचाव कर शांत करवाया। बताया जाता है कि दोनों ओर से एक-दूसरे को खूब अपशब्द बोले गए। इस मामले में कल भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा का बयान सामने आया, जिसमें उन्होंने चिंटू पर गंभीर आरोप लगाया और कहा कि उन्होंने न केवल पिंटू जोशी को थप्पड़ मारे, बल्कि उनके पास रखे अवैध कट्टे से उन्हें धमकाया भी। मिश्रा ने चिंटू पर और भी आरोप लगाए और कहा कि उन्हें कुर्सियों से मरा और कमरा बंद कर पिटाई की।
उन्होंने यह भी कहा कि शहर कांग्रेस की कमान एक गुंडे के पास है। जो व्यवहार उनका है, उस पर कांग्रेस को सोचना चाहिए कि वे कब तक अपने नेताओं का अपमान करवाएंगे। मिश्रा के इस बयान के बाद इंदौर की कांग्रेस और भाजपा की राजनीति गरमा गई। हालांकि कांर्ग्रेस की ओर से कोई भी खुलकर सामने नहीं आया, लेकिन आज सुबह दिल्ली पहुंचे चौकसे ने बताया कि मिश्रा कुछ भी बोलते रहते हैं, उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता। इधर कुछ चिंटू के कुछ विरोधियों ने मिश्रा के वीडियो और घटना की जानकारी भी दिल्ली और भोपाल के नेताओं को भेज दी है। फिलहाल प्रदेश नेतृत्व पर भी इस पर चुप हैं और भाजपा के इस बयान पर पलटवार करने की तैयारी कर रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved