
- गणेश वंदना के साथ शुभारंभ, दो दिवसीय मेले में राखी, ज्वेलरी, साड़ी, हस्तनिर्मित उत्पाद और त्योहारों की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़
जबलपुर। महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अनोखी वुमेंस किटी क्लब द्वारा आयोजित दो दिवसीय अनोखी सावन मेला का शुभारंभ गुरुवार को आधारताल स्थित पहारिया पैलेस में हुआ। यह मेला 5 एवं 6 अगस्त को प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अग्निबाण के सम्पादक व संचालक मदन अवस्थी, आधारताल वूमेन्स क्लब की रश्मि पहाडिय़ा, सीमा शुक्ला तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों की पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ किया गया। क्लब की राखी पहाडिय़ा, अंकिता गुप्ता एवं शिल्पी सुहाने ने बताया कि पिछले वर्ष से शुरू किए गए इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को अपने हस्तनिर्मित एवं घरेलू उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। मेले में महिलाओं द्वारा तैयार की गई डिजाइनर राखियां, ज्वेलरी, साडिय़ां, सूट, वेस्टर्न परिधान, गिफ्ट आइटम, बेडशीट, हर्बल उत्पाद तथा अन्य हस्तनिर्मित वस्तुओं के आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। आयोजकों ने बताया कि उपनगरीय क्षेत्र आधारताल में इस प्रकार के आयोजन से स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं और क्षेत्र में सकारात्मक सामाजिक एवं आर्थिक वातावरण का निर्माण हो रहा है। सावन और रक्षाबंधन के त्योहारों को देखते हुए एक ही स्थान पर खरीदारी की सुविधा मिलने से लोगों में भी मेले को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे परिवार सहित मेले में पहुंचकर महिलाओं के हुनर को प्रोत्साहित करें और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के इस अभियान में सहभागी बनें।