
जालना। महाराष्ट्र (Maharashtra) के जालना जिले (Jalna District) में अंतिम संस्कार (Funeral Rites) से लौट रहे परिवार की कार सड़क किनारे बने कुएं (car fell well) में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चालक को बचा लिया गया। कुएं में गिरी कार को करीब 12 से 13 घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
दोपहिया वाहन से टक्कर के बाद कुएं में गिरी कार
हादसा भोकरदन तहसील के पारध-पद्मावती मार्ग स्थित पद्मावती शिवार इलाके में हुआ। कार में तीन लोग सवार थे। वे एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद धावड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान कार की एक दोपहिया वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 15 मीटर दूर स्थित गहरे कुएं में जा गिरी।
कार के कुएं में गिरते ही आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद एक महिला और कार चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। चालक की हालत स्थिर बताई जा रही है।
बुजुर्ग महिला कार के अंदर ही फंसी रही
कार में एक बुजुर्ग महिला भी सवार थीं। कार के साथ वह भी कुएं में जा गिरीं। कुएं में काफी पानी होने के कारण कार पूरी तरह डूब गई थी, जिससे बुजुर्ग महिला तक पहुंचना बेहद मुश्किल था। सूचना मिलने के बाद पारध पुलिस, दमकल कर्मी, स्थानीय लोग और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। रातभर बचाव अभियान चलाया गया। कार को बाहर निकालने के लिए जेसीबी और क्रेन की मदद ली गई।
13 घंटे बाद बाहर निकली कार, तब तक हो चुकी थी मौत
रेस्क्यू टीम की करीब 12 से 13 घंटे की मशक्कत के बाद कार को कुएं से बाहर निकाला जा सका। कार बाहर आने पर उसमें फंसी बुजुर्ग महिला को भी मृत पाया गया। इस तरह हादसे में दो महिलाओं की जान चली गई, जबकि कार चालक की जान बच गई। हादसे की खबर धावड़ा इलाके में पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मामला जांच में लिया है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह दोपहिया वाहन से टक्कर बताई जा रही है, लेकिन पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved