
विदिशा। विदिशा जिले (Vidisha district) में दो दिन की लगातार बारिश ने बेतवा को उग्र कर दिया है। सोमवार शाम तक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। निचले मोहल्ले पानी में डूब गए और पूरे जिले में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। प्रशासन ने राहत और बचाव का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है।
बेतवा के तेज बहाव ने किनारे बसे इलाकों को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। कई जगह सड़कें और पुल-पुलिया पानी में डूब गईं। कुछ गांवों से आए वीडियो में लोग कमर तक पानी और तेज धार के बीच फंसे दिखे। ऐसी जगहों पर पुलिस और SDRF की टीम रस्सियों और नावों की मदद से लोगों को सुरक्षित निकाल रही है। घरों में घिरे बुजुर्गों और बच्चों को प्राथमिकता से बाहर लाया गया। सबसे बड़ा असर यातायात पर पड़ा है। विदिशा से बासौदा जाने वाला मुख्य मार्ग दोनों तरफ से बंद कर दिया गया है। सड़क पर 4 फीट तक पानी बह रहा है।
कुरवाई क्षेत्र में भी बेतवा का पानी तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन का अनुमान है कि अगर बारिश इसी रफ्तार से हुई तो विदिशा और बीना के बीच का सड़क संपर्क भी टूट सकता है। इससे जिले की सप्लाई चेन प्रभावित होने का डर है। बेतवा के उफान से जिले के लगभग सभी विकासखंडों में स्थिति संवेदनशील हो गई है। नदी-नाले उफान पर हैं और निचले क्षेत्रों में जलभराव लगातार बढ़ रहा है। स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। सभी SDM, तहसीलदार और BDO को अपने-अपने मुख्यालय पर डटे रहने को कहा गया है। उन्हें 24 घंटे मॉनिटरिंग, राहत सामग्री की तैयारी और आपात स्थिति में तुरंत रेस्क्यू करने के आदेश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्क रहें। नदी, पुल और जलभराव वाले स्थानों के पास बिल्कुल न जाएं। बहते पानी को पार करने की कोशिश जानलेवा हो सकती है। SDRF, होमगार्ड, पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीमें प्रभावित इलाकों में तैनात हैं। नावों से गश्त की जा रही है और जिन घरों में पानी भर गया है वहां से लोगों को निकाला जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved