कटिहार। बिहार के कटिहार (Katihar) में सोमवार को पति को लेकर दो महिलाओं के बीच सड़क पर जमकर विवाद (Dispute over the husband) हो गया। नगर थाना क्षेत्र के रोजितपुर मोहल्ले में विक्की रविदास को लेकर उसकी कथित दोनों पत्नियां आमने-सामने आ गईं। दोनों महिलाएं पति पर अपना अधिकार जताते हुए उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश करती रहीं। इस दौरान काफी देर तक सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।
मामला बढ़ने पर कभी एक महिला विक्की को अपनी ओर खींचती तो कभी दूसरी उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश करती। बताया गया कि विवाद के दौरान एक महिला ने जान देने की बात भी कही। काफी देर तक चले हंगामे के बाद स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप किया और तीनों को समझाकर मामला शांत कराया।
मामला मनिहारी थाना क्षेत्र के कुमारीपुर निवासी विक्की रविदास से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले उसकी शादी प्रियंका से हुई थी। हालांकि, प्रियंका से शादी से करीब पांच साल पहले से ही विक्की का संपर्क मुन्नी नाम की एक शादीशुदा महिला से था।
मुन्नी छह बच्चों की मां बताई जा रही है। दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि शादी के बाद भी विक्की मुन्नी को अपने साथ रखने की कोशिश करता रहा।
बताया गया कि रोजगार और कमाई का हवाला देकर विक्की कटिहार के रोजितपुर मोहल्ले में किराए का कमरा लेकर रहने लगा। आरोप है कि इसी कमरे में वह मुन्नी से चोरी-छिपे मुलाकात करता था।
मुन्नी का दावा है कि इसी किराए के कमरे में दोनों ने शादी भी की थी। उसके मुताबिक, विक्की ने उससे शादी करने की इच्छा जताई थी। शुरुआत में उसने इनकार किया क्योंकि उसके पहले से पांच-छह बच्चे थे और वह दोबारा शादी नहीं करना चाहती थी।
मुन्नी के अनुसार, विक्की ने उससे कहा कि अगर उसने शादी नहीं की तो वह अपनी जान दे देगा। इसके बाद मुन्नी ने शर्त रखी कि यदि विक्की उसे और उसके बच्चों को अपने साथ रखेगा, तभी वह शादी के लिए तैयार होगी।
मुन्नी का कहना है कि विक्की ने उसकी शर्त मान ली और दोनों को साथ रखने का भरोसा दिया। इसके बाद दोनों ने किराए के कमरे में शादी कर ली। मुन्नी के मुताबिक, विक्की ने उसके माथे पर सिंदूर भी लगाया था।
उसने दावा किया कि इस शादी का वीडियो भी उसके पास मौजूद है। इसी कथित दूसरी शादी को लेकर अब विवाद गहरा गया है।
वहीं, विक्की की पहली पत्नी प्रियंका को शादी के बाद से ही पति की गतिविधियों पर शक होने लगा था। प्रियंका के मुताबिक, विक्की मोबाइल पर किसी महिला से लगातार बातचीत करता था, लेकिन पूछने पर वह कुछ स्पष्ट नहीं बताता था।
प्रियंका का कहना है कि विक्की अपने काम और रोजगार से जुड़ी जानकारी भी उससे साझा नहीं करता था। शक बढ़ने पर उसने एक दिन विक्की का मोबाइल फोन देखा और उसके ठेकेदार से संपर्क किया।
प्रियंका के मुताबिक, ठेकेदार से उसे जानकारी मिली कि विक्की ने रोजितपुर मोहल्ले में एक कमरा किराए पर लिया है और वहां एक छह बच्चों की मां से बातचीत करता है।
इसके बाद प्रियंका ने पति का पीछा किया और रोजितपुर स्थित उसके किराए के कमरे तक पहुंच गई। यहीं से मामले ने नया मोड़ लिया और सोमवार को दोनों महिलाओं के बीच सड़क पर खुलकर विवाद हो गया।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर इलाके में चर्चा है। दोनों महिलाएं विक्की को अपना पति बताते हुए उसके साथ रहने का दावा कर रही हैं। घटना के दौरान सड़क पर हुए हंगामे के बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह तीनों को शांत कराया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved