
इंदौर। इंदौर क्राइम ब्रांच ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन को खोजने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 238 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई गई है। खास बात यह है कि इन मोबाइलों को पुलिस उनके असली मालिकों तक पहुंचा चुकी है, लेकिन मोबाइल चोरी करने वाले आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
इंदौर में मोबाइल गुम या चोरी होने के बाद लोगों को अक्सर उम्मीद रहती है कि उनका मोबाइल वापस मिलेगा या नहीं। लेकिन इंदौर क्राइम ब्रांच की साइबर टीम ने Citizen Cop Application और CEIR यानी Sanchar Saathi Portal के जरिए ऐसे मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया है।क्राइम ब्रांच इंदौर ने कार्रवाई करते हुए करीब 75 लाख रुपये कीमत के 238 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे हैं।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक गुम मोबाइल की शिकायतों का निराकरण करते हुए कुल 1045 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सुपुर्द किए जा चुके हैं। बरामद मोबाइल मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों के साथ-साथ महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत दूसरे राज्यों से भी ट्रेस किए गए हैं। इनमें आईफोन, गूगल पिक्सल, वनप्लस, सैमसंग, वीवो, ओप्पो, रियलमी, रेडमी, टेक्नो और पोको जैसी कंपनियों के महंगे मोबाइल शामिल हैं।
क्राइम ब्रांच की ओर से लोगों को Citizen Cop Application और CEIR Portal के जरिए ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। मोबाइल गुम या चोरी होने पर शिकायत के साथ बिल अथवा थाने की शिकायत की कॉपी अपलोड कर मोबाइल का IMEI नंबर दर्ज किया जा सकता है। लेकिन इस पूरी कार्रवाई में एक अहम सवाल भी सामने है—मोबाइल तो पुलिस ने खोज निकाले और लोगों को वापस मिल गए, लेकिन इन मोबाइलों को चोरी करने या गायब करने वाले आरोपी आखिर कहां हैं? फिलहाल बरामद मोबाइल अपने मालिकों तक पहुंच चुके हैं, जबकि मोबाइल चोरी करने वाले आरोपियों का पुलिस को अब भी इंतजार है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved