
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को एनएसयूआई ने प्रदर्शन किया। संगठन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र विश्वविद्यालय पहुंचे और मुख्य प्रवेश द्वार पर नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था के साथ परीक्षा, छात्रावास, छात्रवृत्ति और छात्रसंघ से जुड़े मामलों को लेकर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। कुछ देर बाद धक्का-मुक्की होने पर पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए वाटर कैनन का सहारा लिया। कार्रवाई के बाद 20 से अधिक छात्रों और छात्र नेताओं को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई। एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा की नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठाए। नेताओं ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में कई प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। कुलसचिव की ओर से कार्य वातावरण को लेकर स्थानांतरण की इच्छा जताए जाने का हवाला देते हुए भी संगठन ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
छह माह तक पीछे चल रहा शैक्षणिक कैलेंडर
छात्र नेताओं का कहना था कि विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था लंबे समय से प्रभावित है। दिसंबर 2025 और जून 2026 से संबंधित कई परीक्षाएं अभी तक लंबित होने का आरोप लगाया गया। एनएसयूआई के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम में देरी से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं और नौकरी की तैयारियों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने सहायक प्राध्यापकों की भर्ती, छात्रवृत्ति के लंबित प्रकरण और संबल का लाभ नहीं मिलने जैसे मुद्दे भी उठाए।
छात्रसंघ चुनाव को लेकर भी दबाव
एनएसयूआई ने विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव अथवा छात्रसंघ गठन की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। छात्र नेताओं ने कहा कि इस विषय में शासन स्तर से स्पष्ट प्रक्रिया सामने आना जरूरी है। उन्होंने विश्वविद्यालय और उच्च शिक्षा विभाग से विद्यार्थियों के प्रतिनिधित्व से जुड़ी प्रक्रिया को जल्द शुरू करने की मांग की।
छात्र कल्याण अधिष्ठाता की नियुक्ति पर सवाल
प्रदर्शनकारियों ने छात्र कल्याण अधिष्ठाता की नियुक्ति को लेकर भी आपत्ति जताई। एनएसयूआई का आरोप है कि पद के लिए निर्धारित पात्रता और वर्तमान नियुक्ति के बीच स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। संगठन ने नियुक्ति की समीक्षा कर नियमों के अनुरूप कार्रवाई की मांग की। एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों का निराकरण नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में सागर शुक्ला, सोनू कुकरेले, राहुल यादव, अदनान अंसारी, एजाज अंसारी, भानु यादव, अभ्युदय बाजपेई, मोंटी वंशकार, शाहनवाज अंसारी सहित बड़ी संख्या में छात्र नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved