
इंदौर। तुकोगंज थाना क्षेत्र स्थित क्योरवेल अस्पताल (Curewell Hospital) में इलाज कराने आए एक व्यक्ति द्वारा गुंडागर्दी करते हुए अस्पताल के मेडिकल स्टाफ के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। आरोपी ने इलाज के दौरान अकारण उग्र होकर फरियादी और अन्य कर्मचारियों पर हमला कर दिया तथा जान से मारने की धमकी दी।
तुकोगंज पुलिस के अनुसार, घटना जंजीरवाला चौराहा स्थित क्योरवेल अस्पताल परिसर की है। फरियादी भूपेंद्र पिता पुरुषोत्तम परमार निवासी लवकुश आवास विहार, सुखलिया की रिपोर्ट पर आरोपी विक्रम उर्फ विक्का निवासी शिवाजी नगर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि आरोपी विक्रम उर्फ विक्का अस्पताल में इलाज के सिलसिले में आया हुआ था।
इलाज की प्रक्रिया के दौरान किसी बात को लेकर आरोपी अचानक आक्रोशित हो गया और अस्पताल के कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने लगा। फरियादी भूपेंद्र और अन्य स्टाफ सदस्यों ने जब आरोपी को शांत कराने का प्रयास किया और गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी विक्रम उर्फ विक्का आपा खो बैठा। उसने गालियां देते हुए फरियादी भूपेंद्र और वहां मौजूद अन्य मेडिकल स्टाफ के साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले और हंगामे से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। जाते-जाते आरोपी ने स्टाफ को दोबारा दिखने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved