
गुना । मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के गुना जिले (Guna district) के जामनेर कस्बे में गाय (Cow) को पैर से हटाने की एक घटना के बाद विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि कुछ हिंदूवादी संगठन (Hindu organizations) के कार्यकर्ताओं ने गाय को पैर मारने वाले बुजुर्ग मुस्लिम व्यक्ति (Elderly Muslim man) से गाय के सामने जमीन पर झुककर नाक रगड़वाई और माफी मंगवाई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बुजुर्ग गाय के सामने नतमस्तक होकर माफी मांगते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, कैंट गुना निवासी जमीलउद्दीन शटर आदि लगाने का काम करते हैं। कुछ दिन पहले वह पिकअप वाहन से सामान लेकर जामनेर में एक परिवार के यहां काम करने पहुंचे थे। सामान उतारने के दौरान रास्ते में एक गाय खड़ी थी। बताया जा रहा है कि रास्ता खाली कराने के लिए जमीलउद्दीन ने गाय को पैर मारा। पास लगे CCTV कैमरे में यह घटना रिकॉर्ड हो गई।
घटना को लेकर आक्रोश
घटना के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इसका विरोध किया। बात धीरे-धीरे फैलती गई और कुछ हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद विवाद की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि माहौल को देखते हुए आसपास के लोगों ने जमीलउद्दीन को कुछ समय के लिए अपने यहां सुरक्षित रखा।
नाक रगड़कर माफी मंगवाई
बाद में जमीलउद्दीन से गाय के सामने माफी मंगवाई गई। इसी दौरान का वीडियो सामने आया है। वीडियो में बुजुर्ग गाय के सामने जमीन पर झुककर माफी मांगते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिखाई दे रही इस पूरी घटना को लेकर अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई है।
बुजुर्ग मुस्लिम ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए
मामले में जमीलउद्दीन ने जामनेर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना के बाद वह पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे, लेकिन उनकी शिकायत दर्ज करने के बजाय उन पर दबाव बनाया गया। जमीलउद्दीन का आरोप है कि पुलिस ने उनसे लिखवा लिया कि वह किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहते और वह माफी मांग चुके हैं। जमीलउद्दीन ने कहा है कि वह इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करेंगे। उनका आरोप है कि उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उसकी भी जांच होनी चाहिए।
पुलिस का क्या कहना है
वहीं, जामनेर थाना प्रभारी मनोज मेहरा ने अलग पक्ष रखा है। थाना प्रभारी के मुताबिक, जमीलउद्दीन काम के सिलसिले में जामनेर आए थे। गाय को रास्ते से हटाने के उद्देश्य से उन्होंने पैर मारा था। मौके पर मौजूद बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ताओं ने इस पर आपत्ति जताई और उनसे पूछताछ की। इसके बाद जमीलउद्दीन ने गाय के सामने माफी मांग ली। थाना प्रभारी का कहना है कि इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, इसलिए कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया। पुलिस के मुताबिक यदि किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत मिलती है तो मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो हो रहा वायरल
फिलहाल बुजुर्ग से माफी मंगवाने का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। एक तरफ पुलिस इसे शिकायत नहीं मिलने के कारण कार्रवाई न होने की बात कह रही है, तो दूसरी तरफ बुजुर्ग पुलिस पर दबाव बनाकर माफीनामा लिखवाने का आरोप लगा रहे हैं। अब पूरे मामले में पुलिस जांच और संभावित शिकायत के बाद स्थिति साफ होने की उम्मीद है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved