
- जिले में चल रही 35 डायल 112-सिंहस्थ में बढ़ेगी संख्या
उज्जैन। शहर एवं जिले में डायल 112 पर फोन लगाकर सैकड़ों लोग पुलिस को बुलाकर मदद ले रहे हैं। सेवा की सबसे बड़ी उपलब्धि है कि औसतन 10 से 15 मिनट के भीतर घटनास्थल तक सहायता पहुँच रही है। आंकड़ों के मुताबिक पुलिस की डायल 112 योजना ने बीते 8 माह में लगभग 50 हजार लोगों को समय पर पहुंचकर मदद दिलवाई है।
इसमें, मारपीट, शराबखोरी, सीनियर सिटीजन और अन्य अपराध शामिल हैं। वहीं कई घायलों को इलाज के लिए भी तुरंत अस्पताल पहुंचा कर उनकी जान भी बचाई है। डायल 112 के प्रभारी राम कुमार मिश्रा ने बताया कि मुसीबत में फंसे लोगों को एक ही नम्बर डायल-112 याद रहता है। हालांकि उसको लेकर शिकायतें भी कम नहीं रहती। बावजूद इसके हर माह लगभग 7 हजार कॉल उज्जैन के निवासियों द्वारा डायल-112 पर किए गए हैं। साथ ही कई फर्जी कॉल्स भी दर्ज किए जाते हैं। डायल-112 की बदौलत प्रतिदिन औसतन 250 से अधिक नागरिकों को आपातकालीन सेवाएँ मिल रही हैं। जिम्मेदारों का कहना है कि नई डायल 112 सेवा ने न केवल जन सुरक्षा की गारंटी को मजबूत किया है, बल्कि विश्वसनीयता और त्वरित कार्रवाई की नई मिसाल भी पेश की है।
गणेश चतुर्थी की सुबह से कई बार बिजली गुल
उज्जैन। आज गणेश चतुर्थी है और घरों में बप्पा की मूर्ति बैठाई जा रही है। इस दौरान आज सुबह 6 बजे से ही एम आर 5 मार्ग पर कई कॉलोनियों में सेंटपाल फीडर से बार-बार बिजली गुल हुई और लोगों को त्यौहार मनाने में परेशानी आई जिसके कारण लोगों में गुस्सा है।