
उज्जैन। देवास रोड नया बनने के बाद नरवर-बोलासा फंटे पर अब तक दर्जनों एक्सीडेंट हो चुके हैं और अभी हुई एक मौत के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम तथा एक अंडर पास बनाने की माँग की। इसके बाद अधिकारियों ने 45 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। रविवार को नरवर-बोलासा फंटे के पास से चंद्रावतीगंज निवासी रामचंद्र प्रजापति अपनी बच्ची के साथ मोटरसायकल से गुजर रहे थे।
इस दौरान तेज गति से आई स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी जिससे रामचंद्र की मौत हो गई, वहीं बच्ची घायल हो गई। टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो सवार वाहन लेकर भाग निकला। घटना की जानकारी लगने के बाद बोलसा और नरवर सहित आसपास के 10 गांवों के लोग इकट्ठा हो गए और चक्काजाम कर दिया। करीब एक हजार से ज्यादा लोगों ने 3 घंटे से अधिक समय तक मार्ग पर जाम लगाया। मौके पर पुलिस सहित नेशनल हाईवे के अधिकारी पहुँचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों का कहना था कि नरवर के 2 किमी क्षेत्र के सेमलिया चौराहा, हरनावदा चौराहा, सावंरिया नगर चौराहा और बोलासा चौराहा है जिन्हें अधिकारियों ने सीधे हाईवे से जोड़ दिया है। इस वजह से ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले वाहनों को सीधे हाईवे को क्रॉस करना पड़ रहा है और इस वजह से आए दिन यहाँ दुर्घटना में लोगों की जान जा रही है। 3 साल हो गए हैं हाईवे को बने और इस अवधि में अब तक 20 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इस दौरान नरवर के समीप कल्याणपुर निवासी दिलीपसिंह सिसौदिया का कहना था कि कई बार एचएच के अधिकारियों को पत्र लिखकर इस रोड पर ब्रिज बनाने की मांग की गई लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। इसके अलावा किसान नेता दशरथ पंड्या, सत्यनारायण पाँचाल का कहना था कि वे खुद भी इस मार्ग पर दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं और एक माह भर्ती रहने के बाद सप्ताहभर पहले ही छुट्टी मिली है। मौके पर पुलिस और एनएच के अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया और काफी देर तक की मशक्कत के बाद आक्रोशित ग्रामीण माने और आखिर में जाकर चक्काजाम खत्म हो पाया। इस दौरान दोनों और वाहनों की कतार लग गई थी। देर शाम तक मौके पर ग्रामीणों ने अधिकारियों को घेरे रखा। आखिर में जाकर इस मार्ग पर ब्रिज निर्माण के लिए 45 करोड़ रुपए मंजूर किए और अब जाकर यहाँ पर हाईवे के ऊपर ब्रिज निर्माण कार्य शुरू होने के आसार बन रहे हैं।
बैंक में गिरवी मकान को बेच दिया, प्रकरण दर्ज
उज्जैन। गीता कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने बैंक में गिरवी मकान को आरोपी द्वारा बेचे जाने की शिकायत दर्ज कराई। आरोपियों ने गिरवी मकान उक्त व्यक्ति को बेचकर रुपए ऐंठ लिए थे। जीवाजीगंज थाना पुलिस ने बताया कि गीता कॉलोनी निवासी नरेश वासवानी ने शिकायत दर्ज कराई कि हिना कुंवर पति जितेन्द्र सिंह पंवार निवासी मालीखेड़ी ने अपना बैंक में गिरवी रखे मकान का सौदा धोखधड़ीपूर्वक कर उससे 8 लाख रुपए ले लिए। मकान का सौदा होने के बाद नरेश को पता चला कि उक्त मकान बैंक में गिरवी रखा हुआ है।
उसने रुपए वापस मांगे तो आरोपी पति-पत्नी रुपए लौटाने से इन्कार कर रहे हैं। इस पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved