
जबलपुर। जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए पद्मश्री से सम्मानित जल योद्धा उमा शंकर पाण्डेय ने जबलपुर प्रवास के दौरान नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डुमना नेचर पार्क में मियांवकी पद्धति से किए जा रहे पौधरोपण तथा कठोंदा स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शहर में पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान श्री पाण्डेय ने डुमना नेचर पार्क में मियांवकी पद्धति से विकसित किए जा रहे हरित क्षेत्र की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कठोंदा स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और वेस्ट टू एनर्जी प्लांट सहित अन्य प्रमुख विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। श्री पाण्डेय ने कहा कि महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू नागरिकों को देवतुल्य मानकर उन्हें बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने मां नर्मदा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नदियों के संरक्षण और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए ऐसे प्रयास अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणादायक हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि शहर में विकास कार्यों के विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, मां नर्मदा के संरक्षण तथा स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने महापौर श्री अन्नू और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार को इन कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं। दौरान अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, सहायक यंत्री संजय सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved