
जबलपुर। शहर के सुनियोजित विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) 324 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विकास कार्य कराएगा। इनमें सड़क, सीवरेज, जल प्रदाय, ड्रेनेज और बाउंड्री वॉल सहित बुनियादी अधोसंरचना से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही जेडीए की संपत्तियों के विक्रय के लिए 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को दो दिवसीय प्रॉपर्टी मेले का आयोजन किया जाएगा।
ये निर्णय जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन की अध्यक्षता में आयोजित संचालक मंडल की बैठक में लिए गए। बैठक में योजना क्रमांक 64 एवं 65 के विकास कार्यों के लिए 312.80 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई। इन योजनाओं के अंतर्गत सड़क निर्माण, सीवरेज नेटवर्क, वाटर सप्लाई लाइन, बाउंड्री वॉल और जल निकासी व्यवस्था सहित आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। वहीं, योजना क्रमांक 31 में सड़क, सीवरेज, जल प्रदाय, बाउंड्री वॉल, ड्रेन और कलवर्ट निर्माण के लिए 11.26 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई।
प्रॉपर्टी मेले में बिक्री के लिए उपलब्ध होंगी जेडीए की संपत्तियां: जेडीए की योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को दो दिवसीय प्रॉपर्टी मेले का आयोजन किया जाएगा। प्राधिकरण ने बिक्री के लिए उपलब्ध संपत्तियों के संबंध में ऑनलाइन विज्ञापन जारी कर दिए हैं। समाचार पत्रों और अन्य माध्यमों से भी प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग मेले में पहुंचकर उपलब्ध संपत्तियों की जानकारी ले सकें और खरीदारी कर सकें।
समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण काम पर जोर
जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन ने कहा कि 324 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य प्राधिकरण की योजनाओं के सुनियोजित विस्तार और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन आवश्यक है। इसके लिए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निर्धारित समय-सीमा का पालन, पारदर्शिता और नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान देना होगा। बैठक में जेडीए उपाध्यक्ष प्रशांत केसरवानी, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, निगम आयुक्त अग्रिम कुमार, जेडीए सीईओ विवेक के.वी. सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved