
- कल्चरल स्ट्रीट स्थित सांस्कृतिक थिएटर में मुख्य समारोह, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा रहे मुख्य अतिथि
जबलपुर। मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस जबलपुर में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य आयोजन कल्चरल स्ट्रीट स्थित सांस्कृतिक थिएटर में आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि आज मध्यप्रदेश के गठन के 71 वर्ष पूरे हो गए हैं। इन वर्षों में प्रदेश ने विकास के विभिन्न आयाम स्थापित किए हैं। मध्यप्रदेश को वर्तमान स्वरूप और पहचान दिलाने में अनेक लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने प्रदेश के निर्माण और विकास में योगदान देने वाले सभी महापुरुषों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के नेतृत्व में मध्यप्रदेश चहुंमुखी विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और प्रदेश नई ऊंचाइयों को छुए।
स्थापना दिवस समारोह में प्रदेश की विकास यात्रा, उपलब्धियों और गौरवशाली विरासत को याद किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी मध्यप्रदेश के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना की।