
जबलपुर। बरेला थानान्तर्गत कान्हा ढाबा के सामने बाईपास रोड पर आज उस वक्त चीख पुकार मच गई, जब तेज गति से आ रहे पिकअप वाहन ने बाइक सवार पुलिस आरक्षक अनिल मरावी को टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसे में आरक्षक के शरीर पर गंभीर चोटें आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने पूछताछ के बाद पिकअप चालक की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी है। घटना के बाद इस रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे।
बताया गया है कि अनिल मरावी सिविल लाइन थाने में पुलिस आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। वे अपनी मोटरसाइकिल से बरेला की ओर से ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए थाना आने के लिए निकले। जब वे बरेला रोड स्थित कान्हा ढाबे के सामने से गुजर रहे थे। इस दौरान सामने से आ रहे पिकअप वाहन के चालक ने टक्कर मार दी। पिकअप की टक्कर लगते ही वे सामने की ओर गिरे, जिन्हे कुचलते हुए पिकअप वाहन निकल गया। हादसे में अनिल के शरीर पर गंभीर चोटें आई। हादसे को देख राह चलते लोगों में चीख पुकार मच गई। देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। जिन्होने पुलिस को खबर देते हुए अनिल को अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने भी आरक्षक अनिल को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिनहोने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर फरार हुए वाहन चालक की तलाश शुरु कर दी है।