
नई दिल्ली: पीएम मोदी (PM Modi) ने दीपावली के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने देश के लोगों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि हर साल की भांति इस साल भी वह जवानों के साथ दीपावली मनाएंगे. उन्होंने एक्स पर एक वीडियो संदेश में कहा, दीपावली का पावन पर्व, पूरा देश रोशनी से जगमगा रहा है. प्रकाश का यह पर्व, अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प का परिचय है. आप सबको दीपावली की मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं. आपका यह पर्व, आपका आगे का समय, सबकुछ सुख- शांति और समृद्धि से भरा हुआ रहे. मैं भी आपकी तरह बहुत उत्साह से दिवाली मनाता हूं. हर वर्ष आप जानते हैं कि देश के वीर जवानों के बीच में जाना नित्यक्रम है. इस बार भी जारी रहेगा. आप सबको को दीपावली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं.
पीएम ने उपराष्ट्रपति से की मुलाकात
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की और दिवाली की शुभकामनाएं दीं. प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में मुलाकात की जानकारी देते हुए कहा, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन जी से मुलाकात की और दिवाली की शुभकामनाएं दीं.
इससे पहले, पीएम मोदी ने धनतेरस के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं. एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, धनतेरस पर सभी देशवासियों को ढेर सारी खुशियों की शुभकामनाएं. भगवान धन्वंतरि की कृपा हमेशा सभी के जीवन को खुशी, शांति और अच्छी सेहत से भर दे. हर घर में खुशी और आनंद की लौ जलती रहे—यही मेरी दिल से दुआ है. मैं धन्वंतरि को नमन करता हूं, जो आदि देवता हैं, जिनके चरणों की पूजा देवता और राक्षस दोनों करते हैं. वे ऐसे भगवान हैं जो कई तरह की औषधीय जड़ी-बूटियां देते हैं और इस दुनिया से बुढ़ापा, बीमारी, डर और मौत को दूर करते हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved