इंदौर। पंजाबी गायक (Punjabi singer) और अभिनेता दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) ने इंदौर में होने वाले अपने कॉन्सर्ट (Concert) को लेकर चल रही रद्द होने की अफवाहों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि 15 नवंबर को इंदौर में उनका कार्यक्रम तय है और वह 101 प्रतिशत यहां आएंगे। इतना ही नहीं, दिलजीत ने इंदौर पहुंचकर सबसे पहले शहर का मशहूर पोहा खाने का वादा भी किया है। उन्होंने प्रशंसकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और उनकी बात पर भरोसा रखने की अपील की है।
दिलजीत इन दिनों अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ पर हैं। इसी क्रम में 15 नवंबर को इंदौर में उनका कॉन्सर्ट होना है। हालांकि, हाल ही में कार्यक्रम रद्द होने की खबरें सामने आने के बाद प्रशंसकों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई थी।
दिलजीत ने कॉन्सर्ट को लेकर कहा, “15 तारीख को इंदौर आ रहा हूं, 101 प्रतिशत आ रहा हूं। सबसे पहले आकर पोहा खाऊंगा, फिर एनर्जी लेकर चक दे फट्टे।”
उन्होंने आगे कहा कि कोई कुछ भी बोले, वह 15 नवंबर को इंदौर में जरूर मिलेंगे। प्रशंसकों को केवल उनकी बात पर विश्वास करना चाहिए। दिलजीत ने यह भी कहा कि वह इस कार्यक्रम को लेकर पहले से उत्साहित हैं और इससे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
दरअसल, दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर विवाद की वजह उनके कुछ गाने बताए जा रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, आयोजकों और कार्यक्रम स्थल के अधिकारियों को ऐसे गाने प्रस्तुत नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनमें नशे, ड्रग्स या हथियारों का महिमामंडन होता हो।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी रजनीश सिन्हा ने बताया कि 15 नवंबर को ट्वेंटी वन बिजनेस पार्क में होने वाले कार्यक्रम को लेकर चंडीगढ़ से एक पत्र मिला था। इसमें नशे, ड्रग्स और हथियारों का महिमामंडन करने वाले गीतों का उल्लेख किया गया था।
उन्होंने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के पालन में आयोजकों को पत्र लिखकर यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कार्यक्रम में ऐसे गाने प्रस्तुत न किए जाएं, जिनका बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
दिलजीत दोसांझ ने 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से अपने ऑरा इंडिया टूर 2026 की शुरुआत की थी। दिल्ली कॉन्सर्ट में उन्होंने ‘गोट’, ‘इक कुड़ी’, ‘ललकारा’, ‘इश्क दी बाजियां’, ‘किन्नी-किन्नी’, ‘केस’ और ‘हंस-हंस’ जैसे लोकप्रिय गाने प्रस्तुत किए थे।
फिल्मों की बात करें तो दिलजीत हाल ही में फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर चर्चा में रहे। विवादों के बाद फिल्म को सिनेमाघरों के बजाय ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर रिलीज किया गया था। हालांकि, कुछ दृश्यों को लेकर विवाद के बाद इसे ओटीटी से भी हटा दिया गया।
अब दिलजीत पंजाबी फिल्म ‘रन्ना च धन्ना’ में नजर आएंगे। रिपोर्टों के मुताबिक, इस फिल्म में उनके साथ शहनाज गिल और सोनम बाजवा भी मुख्य भूमिकाओं में होंगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved