
दतिया। मध्य प्रदेश सरकार ने कार्बाइड गन को प्रतिबंधित कर इस पर लगाम लगाने के निर्देश दिए। वहीं सभी जिलों के कलेक्टरों को इसका पालन कराने के लिए कहा। लेकिन जब सरकारी अधिकारी ही इन नियमों की धज्जियां उड़ाएं तो जनता को इसका इस्तेमाल करने से कौन रोकेगा।
दरअसल, दतिया में कलेक्टर के प्रतिबंधात्मक आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। महिला पटवारी वीना रावत ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में वह कार्बाइड गन से पटाखे फोड़ते हुए नजर आ रही हैं। ग्राम नोनेर में पदस्थ पटवारी का कार्बाइन गन चलाते हुए दिखाई देने का मामला चर्चा में है।
बताया जा रहा है कि कलेक्टर द्वारा कार्बाइन गन चलाने पर रोक लगाए जाने के बावजूद पटवारी वीना रावत ने कथित तौर पर सरकारी आदेश की अनदेखी की। एक ओर जिला प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखने और प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन कराने के लिए सख्ती बरत रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकारी पद पर पदस्थ कर्मचारी द्वारा आदेश का उल्लंघन किए जाने के आरोप सवाल खड़े कर रहे हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या जिला प्रशासन इस मामले में संज्ञान लेकर पटवारी वीना रावत के खिलाफ कार्रवाई करेगा? कलेक्टर के आदेश की अवहेलना पर अब प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved