
सीहोर और पचवां स्टेशन के बीच जबलपुर-वेरावल एक्सप्रेस से हुआ हादसा, पीछे आ रही वंदे भारत को रोकना पड़ा
इन्दौर। नागपुर (Nagpur) से इंदौर (Indore) आ रही वंदे भारत (Vande Bharat) एक्सप्रेस शनिवार रात एक व्यक्ति के ट्रेन की चपेट (Man struck by a train) में आने की घटना के कारण प्रभावित हुई। सीहोर और पचवां रेलवे स्टेशन के बीच जबलपुर-वेरावल एक्सप्रेस (11464) से यह हादसा हुआ। इसके चलते पीछे चल रही नागपुर-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस (20912) को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। ट्रेन आखिरकार इंदौर करीब एक घंटे की देरी से पहुंची।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नागपुर से इंदौर आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस सीहोर और पचवां स्टेशन के बीच अस्थायी रूप से रोक दी गई थी। ट्रेन में सफर कर रहे यात्री पंकज खमंगल ने सोशल मीडिया पर इसकी शिकायत करते हुए रेलवे से देरी का कारण पूछा था। उन्होंने रेलवे और रेल मंत्रालय को टैग कर बताया कि प्रीमियम ट्रेन पिछले एक घंटे से सीहोर स्टेशन पर खड़ी है और यात्रियों को इसकी वजह भी नहीं बताई जा रही है। शिकायत पर डीआरएम रतलाम ने जवाब दिया गया कि ट्रेन नंबर 20912 को भोपाल मंडल से 13 मिनट की देरी से रतलाम मंडल को सौंपा गया था। इसके बाद ट्रेन नंबर 11464 में एक व्यक्ति के ट्रेन की चपेट में आने की घटना के कारण वंदे भारत को सीहोर और पचवां के बीच अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। रेलवे के ऑपरेटिंग स्टाफ द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही थी और ट्रेनों की आवाजाही सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे थे।
एक घंटे की देरी से इंदौर पहुंची वंदे भारत
प्राप्त जानकारी के अनुसार नागपुर से रवाना हुई वंदे भारत निर्धारित समय से शुरुआत में करीब 13 मिनट की देरी से चल रही थी। बाद में उज्जैन पहुंचने तक इसकी देरी बढ़कर करीब 1 घंटा 15 मिनट हो गई। ट्रेन इंदौर रात 12.52 बजे पहुंची, जबकि इसका निर्धारित आगमन समय रात 11.50 बजे था। इस तरह यात्रियों को करीब एक घंटे की देरी का सामना करना पड़ा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved