
दिसंबर से वेब सीरिज से लेकर फिल्मों की इंदौर रीजन में शूटिंग
इंदौर। इंदौर (Indore) रीजन में शामिल महेश्वर (Maheshwar) और उज्जैन (Ujjain) को आगामी महीनों में कई वेब सीरिज और फिल्मों की शूटिंग का हिस्सा बनते देखा जा सकता है। इन दिनों इंदौर सहित उज्जैन और महेश्वर में कई फिल्म निर्माण कंपनियों की टीम रैकी कर रही है, जिसके बाद संभावना है कि क्षेत्र में जनवरी से रविकिशन शूटिंग के लिए आ सकते हैं।
इंदौर की लाइन प्रोडक्शन कंपनी की टीम प्रदेशभर में इन टीमों को रैकी करवा रही है। इसमें हाल ही में तीन प्रोजेक्ट शामिल हैं। भोपाल में वेब सीरिज ‘ब्लैक वारंटÓ के लिए, चंदेरी में राधिका आप्टे अभिनीत एक फिल्म के लिए और इंदौर रीजन के अंतर्गत आने वाले उज्जैन, महेश्वर में रविकिशन अभिनीत फिल्म के लिए रैकी चल रही है। भोपाल में 15 दिसंबर से, चंदेरी में 1 जनवरी से और इंदौर, उज्जैन, महेश्वर में जनवरी से शूट होगा। लाइन प्रोड्यूसर हर्ष दवे ने बताया कि स्थानीय कलाकारों के साथ ही भोजन, निजी सिक्योरिटी, तकनीकी सहायता से लेकर अभिनय तक इसमें रोजगार की संभावनाएं होती हैं।
प्रियदर्शन भी कर गए रैकी
पिछले महीने ही मशहूर बॉलीवुड फिल्म निर्देशक प्रियदर्शन एक लोकेशन तलाशने महेश्वर आए थे। उन्होंने महेश्वर किला और घाट परिसर के साथ ही सहस्रधारा की खूबसूरत लोकेशन की रैकी की थी। निर्देशक प्रियदर्शन कॉमेडी फिल्मों के साथ ही हॉरर कॉमेडी फिल्मों के लिए पहचाने जाते हैं। वे आगामी फिल्म के एक गीत की शूटिंग की लोकेशन की तलाश में यहां पहुंचे थे। रैकी ड्रीम वर्ल्ड मूवीज एंड प्रोडक्शन के लाइन प्रोड्यूसर हर्ष दवे और उनकी टीम शुभम व्यास, नरेंद्र राठौड़ और लकी टांक ने करवाई थी। संभवत: वे मार्च में यहां शूटिंग के लिए आ सकते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved