
इंदौर। सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली में लापरवाही के मामले अक्सर सामने आते हैं, लेकिन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की एक बड़ी चूक ने भुगतान व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्राधिकरण ने गलती से इंदौर के वरिष्ठ अधिवक्ता अजय बागड़िया (Advocate Ajay Bagaria) के बैंक खाते (Bank accounts) में 34 करोड़ 32 लाख 94 हजार 346 रुपये भेज दिए। इतनी बड़ी रकम खाते में आने के बावजूद विभाग को करीब दो दिन तक इसकी जानकारी नहीं हुई। वकील ने जिम्मेदारी दिखाते हुए खुद अधिकारियों से संपर्क किया और पूरी राशि लौटा दी।
जानकारी के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 को अजय बागड़िया के बैंक खाते में NEFT के माध्यम से 34,32,94,346 रुपये जमा हुए। बैंक से फोन आने और मोबाइल पर ट्रांजेक्शन का संदेश मिलने पर वे इतनी बड़ी रकम देखकर हैरान रह गए। उन्होंने जब भुगतान के स्रोत की पड़ताल की तो पता चला कि यह राशि NHAI की ओर से उनके खाते में भेजी गई है।
हरदा के प्रोजेक्ट मैनेजर को दी सूचना
गलती का पता चलते ही अजय बागड़िया ने हरदा में पदस्थ NHAI के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष मीणा से संपर्क किया। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि उनके खाते में करोड़ों रुपये की रकम गलती से जमा हुई है। मामला सामने आने के बाद विभाग में हलचल मच गई। प्रोजेक्ट मैनेजर ने भुगतान में हुई चूक स्वीकार की और अधिवक्ता से राशि वापस करने का अनुरोध किया।
9 नवंबर को लौटाई पूरी रकम
अजय बागड़िया ने 9 नवंबर को 34 करोड़ 32 लाख 94 हजार 346 रुपये की पूरी राशि NHAI को वापस कर दी। इस तरह गलत खाते में पहुंची सरकारी रकम दो दिन के भीतर विभाग के पास लौट आई। बताया जाता है कि बागड़िया NHAI से जुड़े मामलों में प्राधिकरण की ओर से पैरवी भी करते हैं।
भुगतान प्रक्रिया पर उठे सवाल
इस घटना ने NHAI की भुगतान प्रक्रिया और वित्तीय निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सामान्य तौर पर किसी भी बड़े भुगतान से पहले प्रोजेक्ट अधिकारी, प्रोजेक्ट डायरेक्टर और वित्त विभाग के स्तर पर संबंधित दस्तावेजों के साथ बैंक खाते का सत्यापन किया जाता है। इसके बावजूद इतनी बड़ी रकम गलत खाते में कैसे ट्रांसफर हो गई? भुगतान से पहले जरूरी जांच क्यों नहीं की गई? और सबसे अहम, करीब 48 घंटे तक अधिकारियों को इस गड़बड़ी का पता क्यों नहीं चला? फिलहाल ये सवाल चर्चा का विषय बने हुए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved