
इंदौर। कांग्रेस द्वारा किए गए संगठनात्मक बदलाव में प्रदेश की सहप्रभारी उषा नायडू को हटाने को लेकर वे कांगे्रसी खुश हैं, जो छात्रों की गूंज कार्यक्रम के समय से नाराज थे। कई कांग्रेसियों की तो ये शिकायत थी कि प्रदेश सहप्रभारी होने के बावजूद नायडू उन्हें पहचानती तक नहीं है। इसी को लेकर उनके पहले दौरे में भी विवाद हो चुका था।
नायडू के पास मालवा क्षेत्र का इंदौर संभाग था और वे लगातार मीटिंग लेने यहां आती रही हैं। जब सितम्बर में इंदौर में राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम हुआ था, तब तय हुआ था कि स्थानीय कांग्रेसी कार्यक्रम में नही ंरहेंगे, क्योंकि यह कार्यक्रम पूर्ण रूप से युवाओं और छात्रों का ही रहेगा। बावजूद इसके प्रदेश की सहप्रभारी उषा नायडू न केवल कार्यक्रम में पहुंची, बल्कि उन्होंने अपने खास लोगों की भी एंट्री कार्यक्रम में करवा दी, जिससे कई कांग्रेसी नाराज थे। उनका कहा था कि कार्यक्रम को सफल बनाने में उन्होंने दिन-रात एक की, लेकिन हमें राहुल गांधी से मिलवाया तक नहीं।
हालांकि राहुल गांधी से कुछ वरिष्ठ नेताओं ने ही मुलाकात की थी। इसके पहले भी उषा नायडू से कुछ कांग्रेसी नेताओं का विवाद हो गया था, जब वे प्रभारी बनने के बाद मीटिंग लेने इंदौर आई थीं। अभी विधानसभा स्तर पर भी उन्होंने मीटिंग ली थी और वार्ड मीटिंग की तैयारी थी, लेकिन इसी बीच उन्हें हटा दिया गया। अब प्रदेश में चार-चार सहप्रभारियों की नियुक्ति की गई है, जिसमें नीतू वर्मा, श्रीपाल भाई अम्बालिया, डॉ. अजयकुमार पासवान और ओमवीर यादव को सहप्रभारी बनाया गया है। हालांकि अभी इन्हें जिलों का बंटवारा नहीं किया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved