
इंदौर। आरटीओ (RTO) से जुड़े कई कामों (related tasks) के लिए अब लोगों को कार्यालयों में आवेदन करने, दस्तावेज जमा करने और अलग-अलग काउंटरों के चक्कर लगाने से राहत मिल सकती है। केंद्र सरकार (Central government) ने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन और परमिट से जुड़ी 14 सेवाओं को ऑटोमैटिक और फेसलेस मोड में उपलब्ध कराने की तैयारी कर ली है। व्यवस्था लागू होने पर आवेदक घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से इन सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा पिछले दिनों जारी आदेश में नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) के उपमहानिदेशक और प्रमुख को इन सेवाओं के लिए पोर्टल में आवश्यक डेवलपमेंट और बदलाव करने को कहा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 14 सेवाओं के लिए मानक प्रक्रिया को सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी मिल चुकी है। ये प्रक्रिया पहले ही 6 जुलाई 2026 को जारी आदेशों के माध्यम से अधिसूचित की जा चुकी है। अब एनआईसी को इनके तकनीकी क्रियान्वयन और आगे की तैयारी के लिए काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
लाइसेंस से जुड़े छह काम होंगे फेसलेस
ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित छह सेवाओं को इस व्यवस्था में शामिल किया गया है। इनमें लाइसेंस का नवीनीकरण, लाइसेंस में नाम बदलना, व्यक्तिगत जानकारी में संशोधन, डुप्लीकेट ड्राइविंग लाइसेंस जारी करना, लाइसेंस में दर्ज वाहन श्रेणी खत्म करना और इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट (आईडीपी) जारी करना शामिल है। इन कामों के लिए आवेदकों को आरटीओ कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
आरसी से जुड़े चार काम भी होंगे ऑनलाइन
वाहन पंजीयन से संबंधित चार सेवाओं को भी फेसलेस बनाया जाएगा। इनमें डुप्लीकेट रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) के लिए आवेदन, आरसी का नवीनीकरण, वाहन का पंजीयन निरस्त करने के लिए आवेदन और फाइनेंस (हाइपोथिकेशन) समाप्त करने की प्रक्रिया शामिल है। इससे वाहन मालिकों को आरसी संबंधी कामों के लिए आरटीओ के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
राज्यों से भी मांगे सुझाव
मंत्रालय ने आदेश की प्रतियां राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के परिवहन आयुक्तों के अलावा परिवहन सचिवों की समिति, बस एवं कार ऑपरेटरों के परिसंघ और ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस सहित संबंधित संगठनों को भी भेजी हैं। उनसे मानक प्रक्रिया लागू करने से पहले परीक्षण और सुझाव देने को कहा गया है। एनआईसी की ओर से पोर्टल में आवश्यक तकनीकी बदलाव और सेवाओं की तैयारी पूरी होने के बाद यह व्यवस्था लागू हो सकेगी। इससे परिवहन विभाग की सेवाओं को ज्यादा आसान और पारदर्शी बनाने के साथ ही आवेदकों की कार्यालयों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
परमिट की चार सेवाएं भी सूची में
व्यावसायिक वाहन संचालकों के लिए भी इस व्यवस्था में राहत रखी गई है। इसमें टूरिस्ट परमिट जारी करना, आल इंडिया टूरिस्ट परमिट जारी करना और उसका नवीनीकरण, नेशनल परमिट जारी करना और उसका नवीनीकरण और नेशनल परमिट ऑथराइजेशन जारी करना शामिल है। इन सेवाओं को भी ऑटोमैटिक और फेसलेस मोड में उपलब्ध कराया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved