
- नीलगंगा चौराहे पर कांग्रेस पार्षदों ने निरीक्षण कर लगाया आरोप
प्रजापत समाज के 25 भवनों से मांगी जा रही अतिरिक्त जमीन
उज्जैन। नीलगंगा चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण को लेकर पक्षपात के आरोप लगने लगे हैं। कांग्रेस पार्षदों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और आरोप लगाया कि भाजपा नगर मंत्री की जमीन बचाने के लिए प्रजापत समाज के करीब 25 भवनों और धर्मशाला से अतिरिक्त जमीन ली जा रही है। जबकि भाजपा नेता की जमीन से दशकों से एक इंच हिस्सा भी नहीं लिया गया।
कांग्रेस पार्षदों के मुताबिक, प्रजापत समाज के रहवासी पहले ही 14 से 16 फीट जमीन दे चुके हैं। इस हिस्से में नाला भी बन चुका है और बिजली के पोल लगाए जा चुके हैं। इसके बावजूद नगर निगम अधिकारी करीब 10 फीट और जमीन छोडऩे का दबाव बना रहे हैं। दूसरी ओर, चौराहे के सामने भाजपा नगर मंत्री की जमीन से वर्ष 1980 के बाद न तो शासन और न ही नगर निगम ने कोई जमीन ली है। कांग्रेस नेताओं ने स्थानीय भाजपा विधायक पर भी इस जमीन को बचाने के लिए हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया। निरीक्षण के बाद नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने कहा कि शहर में चौड़ीकरण के नाम पर आम लोगों के मकान और जमीन तो लिए जा रहे हैं, लेकिन भाजपा नेताओं के निर्माण बचाए जा रहे हैं। उन्होंने नयापुरा में तीन भवन नहीं हटाए जाने, सती गेट पर भाजपा नेता की दुकान बचाने और मक्सी रोड पर एक नेता की जमीन के कारण सैकड़ों मकानों सहित आईआईटी भवन का हिस्सा तोड़े जाने का उदाहरण दिया। पंचमपुरा में भी इसी तरह जमीन बचाने के प्रयास का आरोप लगाया। राय ने कहा कि विकास के नाम पर कार्रवाई सभी के साथ समान रूप से होनी चाहिए, लेकिन अधिकारी भाजपा नेताओं के दबाव में काम कर रहे हैं। कांग्रेस पार्षदों ने इस संबंध में जानकारी जुटा ली है। अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव लाया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी पूरे मामले से अवगत कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान पार्षद छोटेलाल मंडलोई, इमरान खान, पार्षद प्रतिनिधि मुजीब सुपारी, जाहिद पहलवान और अनवर नागोरी मौजूद थे।