
उज्जैन। इंदौर रोड स्थित महामृत्युंजय द्वार चौराहे पर डिवाइडर बनने के बाद रास्ता बंद करने का मामला 10 दिन बाद फिर गरमा गया है। समस्या के समाधान का आश्वासन पूरा नहीं होने पर रविवार दोपहर महेश विहार सहित आसपास की करीब 25 कॉलोनियों के रहवासी सांसद अनिल फिरोजिया के निवास पहुंच गए। लोगों ने पुरानी आवागमन व्यवस्था बहाल करने के साथ चौराहे पर सुरक्षित कट और ट्रैफिक सिग्नल बनाने की मांग की।
आज तीन प्लान लेकर आएंगे एमपीआरडीसी अधिकारी…
सांसद अनिल फिरोजिया ने रहवासियों को बताया कि कलेक्टर और एमपीआरडीसी अधिकारियों से इस संबंध में चर्चा हुई है। सोमवार को अधिकारी दो-तीन प्लान लेकर आएंगे। कॉलोनीवासियों के साथ बैठक कर इन पर विचार किया जाएगा। सांसद ने कहा कि महामृत्युंजय द्वार चौराहा महाकाल मंदिर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है और अब शहर के मध्य क्षेत्र में आ चुका है। इसके दोनों ओर बड़ी संख्या में कॉलोनियां विकसित हो गई हैं। इसलिए यहां की यातायात व्यवस्था शहर की जरूरतों के अनुरूप होनी चाहिए। लोगों को सुरक्षित कट, ट्रैफिक सिग्नल और जेब्रा क्रॉसिंग की सुविधा मिलना जरूरी है। केवल स्कूल बसों के लिए रास्ता देने से समस्या हल नहीं होगी।
डी-मार्ट और इंजीनियरिंग कॉलेज अंडरपास का मुद्दा भी उठाया…
रहवासियों ने सांसद को सौंपे ज्ञापन में डी-मार्ट के सामने सुरक्षित कट, रोटरी और ट्रैफिक सिग्नल बनाने की मांग भी की। इसके अलावा इंजीनियरिंग कॉलेज अंडरपास के ऊपर कॉलेज की ओर भी एक सिरा बनाने का प्रस्ताव रखा। उनका कहना है कि इंदौर-उज्जैन सिक्सलेन निर्माण में आसपास की कॉलोनियों के आवागमन का ध्यान नहीं रखा गया। अब प्रशासन को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे सड़क के दोनों ओर रहने वाले लोगों को सुरक्षित और सुगम रास्ता मिल सके। सोमवार को एमपीआरडीसी अधिकारियों के साथ होने वाली बैठक में यह तय होगा कि रहवासियों को राहत देने के लिए कौन-सा विकल्प अपनाया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved