img-fluid

पत्नी की सरकारी नौकरी की खुशी मातम में बदली, एक ही परिवार के 6 समेत 13 की मौत

November 29, 2026

पटना: बिहार में शिक्षिका पद पर चयन होने की खुशी एक परिवार के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा मातम बन गई. जिस घर में नई नौकरी मिलने की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब चीख-पुकार मची है. पत्नी की सफलता की खुशी में पूरा परिवार मां छिन्नमस्तिके मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहा था, लेकिन रास्ते में हुए भीषण सड़क हादसे ने सबकुछ उजाड़ दिया. इस दुर्घटना में एक ही परिवार के छह सदस्यों समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है.

दरअसल, यह दर्दनाक हादसा झारखंड के रामगढ़ जिले में NH-33 रांची-पटना हाईवे पर कुजू ओपी क्षेत्र के पैंकी के पास हुआ. नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के जांघरो गांव निवासी विवेकानंद अपनी पत्नी अमृता कुमारी, तीन बच्चों और मां के साथ रामगढ़ के रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिके मंदिर जा रहे थे. विवेकानंद मां सरस्वती विद्या मंदिर के संचालक हैं.

दरअसल, विवेकानंद की पत्नी अमृता कुमारी का हाल ही में बिहार में शिक्षिका के पद पर चयन हुआ था. इसी उपलब्धि की खुशी में परिवार ने मंदिर में पूजा-अर्चना करने का कार्यक्रम बनाया था. इस धार्मिक यात्रा में उनके रिश्तेदार भी शामिल थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि खुशियों के इस सफर का अंत इतना भयावह होगा.


  • एक स्कॉर्पियो में सवार थे 14 लोग, खड़े वाहन से हुई टक्कर
    जानकारी के मुताबिक, विवेकानंद अपनी पत्नी अमृता कुमारी, बेटों शुभम कुमार और अमन कुमार, बेटी सोनाली कुमारी तथा मां प्रमिला देवी के साथ यात्रा कर रहे थे. इनके अलावा रिश्तेदार मुकेश कुमार, किरण कुमारी, करण कुमार, वैष्णवी कुमारी, सिंटू कुमार और राजेश कुमार भी गाड़ी में सवार थे. इनके साथ ड्राइवर नंदन और चंदन कुशवाहा भी मौजूद थे.

    सभी लोग सफेद रंग की स्कॉर्पियो (BR 21P 6331) में सवार होकर बिहार से झारखंड के रामगढ़ जिले में स्थित रजरप्पा मंदिर जा रहे थे. इसी दौरान NH-33 पर कुजू ओपी क्षेत्र के पैंकी के समीप सड़क किनारे खड़े एक अज्ञात वाहन से उनकी गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. गाड़ी में सवार लोग बुरी तरह फंस गए थे. स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव की कोशिशें शुरू की गईं.

    13 लोगों की मौत, एक गंभीर घायल अस्पताल में भर्ती
    दुर्घटना की सूचना मिलते ही कुजू पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों और हादसे के शिकार लोगों को रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया. हादसे में गंभीर रूप से घायल चंदन कुशवाहा का इलाज जारी है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

    एक ही परिवार के छह सदस्यों समेत कुल 13 लोगों की मौत से दोनों राज्यों में परिजनों के बीच मातम पसरा हुआ है. जिस परिवार ने शिक्षिका बनने की खुशी में मंदिर जाने की योजना बनाई थी, उसी परिवार के कई सदस्यों की एक साथ मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही नालंदा के जांघरो गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई.

    घटना की जानकारी मिलने पर रामगढ़ जिले के डीसी ऋतुराज, एसपी मुकेश कुमार लुनायत समेत पुलिस के अन्य अधिकारी घटनास्थल और सदर अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लिया और अस्पताल में राहत एवं जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली. इसके साथ ही मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना देने की प्रक्रिया भी शुरू की गई.

    पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जुटे परिजन, गांव में पसरा मातम
    सभी 13 मृतकों के शव रामगढ़ सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखे गए हैं, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है. दूसरी ओर हादसे की खबर मिलने के बाद मृतकों के परिजन और नालंदा के जांघरो गांव के ग्रामीण रामगढ़ पहुंच गए. पोस्टमार्टम हाउस के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. एक साथ इतने लोगों को खोने के सदमे से परिवार के लोग बदहवास हैं.

    इस मामले में कुजू ओपी के एसआई आरएन शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे. उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार रामगढ़ पुलिस शवों के साथ नालंदा जिले के जांघरो गांव जाएगी, ताकि परिजनों को शव सौंपने की प्रक्रिया पूरी कराई जा सके. एक तरफ अस्पताल में घायल चंदन कुशवाहा का इलाज चल रहा है, तो दूसरी ओर परिवार के 13 सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है. जिस यात्रा का मकसद नई नौकरी की खुशी में मां के दरबार में माथा टेकना था, वह एक ऐसी त्रासदी में बदल गई जिसे परिवार शायद ही कभी भूल पाएगा.

    Share:

  • राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने

    Sun Nov 29 , 2026
    जयपुर । भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु (India’s star Badminton player PV Sindhu) ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की (Met with Rajasthan Chief Minister Bhajanlal Sharma) । इस दौरान उन्होंने राज्य में खेलों के विकास में योगदान देने और युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की इच्छा जताई। मुलाकात के बाद […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved