
इंदौर। इंदौर की खजराना थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये कीमत की 110 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को वाघेला गार्डन के पास से दबोचा है। आरोपी मंदसौर का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले भी आपराधिक प्रकरण दर्ज है।
दरअसल इंदौर में पुलिस ड्रग माफियाओं के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत खजराना थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक ब्राउन शुगर की खेप लेकर इंदौर पहुंचा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाघेला गार्डन के पास घेराबंदी कर रामकिशन उर्फ रामनिवास गोस्वामी को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 110 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक वीवो मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी मंदसौर जिले के सुवासरा थाना क्षेत्र के कटिया गांव का निवासी है। पुलिस अब एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले की फॉरवर्ड और बैकवर्ड ट्रैकिंग कर यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। आरोपी को रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved