img-fluid

CM मरियम की सुरक्षा में जुटेगा प्रशासन, टाली छात्रों की परीक्षा

November 08, 2026

डेस्क: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मुख्यमंत्री मरियम नवाज के दौरे की वजह से छात्रों की परीक्षा टाल दी गई है. रावलपिंडी के बोर्ड ऑफ इंटरमीडिएट एंड सेकेंडरी एजुकेशन (BISE) ने 10 नवंबर को होने वाले कंप्यूटर साइंस के पेपर रद्द कर दिए हैं. ये पेपर इंटरमीडिएट सेकेंड ईयर की दूसरी वार्षिक परीक्षा-2026 का हिस्सा थे. अब ये परीक्षाएं 30 नवंबर को होंगी.

यह फैसला मुख्यमंत्री मरियम नवाज के 10 नवंबर को झेलम और पिंड दादन खान के दौरे को देखते हुए लिया गया है. झेलम के डिप्टी कमिश्नर ने परीक्षा टालने की सिफारिश की थी. इसके बाद रावलपिंडी बोर्ड ने झेलम जिले में सुबह और शाम, दोनों पालियों के पेपर की तारीख बदल दी.

अखबार डॉन के मुताबिक, झेलम के डिप्टी कमिश्नर ने रावलपिंडी बोर्ड के चेयरमैन को पत्र लिखकर कंप्यूटर साइंस की परीक्षा टालने की मांग की थी. पत्र में कहा गया कि मुख्यमंत्री के दौरे के लिए जिला प्रशासन बड़े स्तर पर तैयारियां कर रहा है. इसमें सुरक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था और प्रोटोकॉल से जुड़े इंतजाम शामिल हैं.



  • डिप्टी कमिश्नर के मुताबिक, इन तैयारियों के लिए बड़ी संख्या में सरकारी अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया जाएगा. ऐसे में जिले में परीक्षा को बिना किसी रुकावट के कराना मुश्किल होगा. इसलिए छात्रों को परेशानी से बचाने और मुख्यमंत्री के दौरे के इंतजाम ठीक से करने के लिए परीक्षा की तारीख बदलने की मांग की गई.

    डिप्टी कमिश्नर की सिफारिश पर रावलपिंडी बोर्ड ने 10 नवंबर के पेपर की नई तारीख 30 नवंबर तय की है. बोर्ड के प्रवक्ता अरसलान चीमा ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि परीक्षा नियंत्रक मुबाशिर सईद ने नई तारीख को लेकर नोटिस जारी किया है. 30 नवंबर को सुबह की पाली का पेपर सुबह और शाम की पाली का पेपर शाम को होगा. दोनों परीक्षाएं पहले से तय परीक्षा केंद्रों पर ही कराई जाएंगी. यह बदलाव सिर्फ झेलम जिले के लिए किया गया है. रावलपिंडी बोर्ड के तहत आने वाले दूसरे जिलों में 10 नवंबर को परीक्षाएं पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी.

    परीक्षा नियंत्रक मुबाशिर सईद ने बताया कि छात्रों की सुविधा के लिए नई रोल नंबर स्लिप जारी की जाएंगी. हालांकि, पहले जारी की गई स्लिप भी मान्य रहेंगी. यानी छात्र पुरानी स्लिप से भी परीक्षा दे सकेंगे. इस फैसले से झेलम जिले के छात्रों को कंप्यूटर साइंस के पेपर के लिए 20 दिन ज्यादा इंतजार करना होगा.

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved