img-fluid

ईरान के परमाणु कार्यक्रम की जानकारी देने वालों को 20 मिलियन डॉलर देगा अमेरिका, बसने का भी मिलेगा मौका

November 08, 2026

वाशिंगटन। ईरान के परमाणु कार्यक्रम (Iran’s nuclear program) को लेकर अमेरिका ने बड़ा ऐलान किया है। अमेरिकी सरकार (US Government) ने ईरान के परमाणु (Iran’s nuclear) ठिकानों, उपकरणों और वैज्ञानिकों से जुड़ी अहम जानकारी देने वालों के लिए 20 मिलियन डॉलर (करीब 180 करोड़ रुपये) तक के इनाम की घोषणा की है। इतना ही नहीं, जानकारी देने वाले व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर बसाने का विकल्प भी दिया जाएगा। अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर इसकी जानकारी साझा की।

अमेरिकी विदेश विभाग के ‘रिवार्ड्स फॉर जस्टिस’ कार्यक्रम के तहत यह इनाम दिया जाएगा। इसके जरिए ईरान के परमाणु कार्यक्रम से संबंधित ऐसी जानकारियां जुटाने की कोशिश की जा रही है, जो अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण हो सकती हैं। कार्यक्रम के तहत पात्र सूचना देने वालों को अधिकतम 20 मिलियन डॉलर का पुरस्कार और स्थान परिवर्तन की सुविधा मिल सकती है।

ट्रंप ने फिर किया ईरान के परमाणु ठिकाने तबाह करने का दावा

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि अमेरिका ईरान के परमाणु ठिकानों को तबाह कर चुका है। शुक्रवार रात फ्लोरिडा में उन्होंने कहा कि यदि अमेरिका ने ईरान पर हमला नहीं किया होता तो आज इजरायल का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता था।

ट्रंप ने कहा, ‘अगर उनके पास परमाणु हथियार होते तो वे उनका इस्तेमाल कर चुके होते और पूरे मध्य पूर्व को तबाह कर देते।’ उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान अब अमेरिका के साथ समझौता करने के लिए उत्सुक है। ट्रंप के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है और ईरान समझौते के लिए तैयार दिखाई दे रहा है।

परमाणु कार्यक्रम पर अटका है समझौता

अमेरिका और ईरान के बीच जारी टकराव की सबसे बड़ी वजह ईरान का परमाणु कार्यक्रम है। अमेरिका लगातार ईरान पर परमाणु हथियार विकसित करने की कोशिश करने का आरोप लगाता रहा है, जबकि तेहरान अपने परमाणु कार्यक्रम को अपनी सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों से जोड़कर देखता है।

दोनों देशों के बीच हमलों में कुछ समय के लिए विराम जरूर आया है, लेकिन अब तक किसी स्थायी समझौते पर सहमति नहीं बन सकी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ईरान के परमाणु कार्यक्रम को समाप्त करने की मांग करते रहे हैं, जबकि ईरान अपनी शर्तों पर बातचीत करना चाहता है।

ईरान ने रखीं सात शर्तें

इस बीच कूटनीतिक गतिविधियां भी तेज हुई हैं। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम से जुड़े कुछ ठोस प्रस्तावों पर विचार कर रहा है। हालांकि, ईरान ने बातचीत आगे बढ़ाने के लिए सात शर्तें रखी हैं।

इनमें युद्ध से हुए नुकसान की भरपाई, जब्त ईरानी संपत्तियों को मुक्त करना, आर्थिक प्रतिबंध हटाना, अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी समाप्त करना और क्षेत्र से अमेरिकी सैनिकों की वापसी शामिल हैं। इसके अलावा ईरान और हिजबुल्लाह सहित उसके सहयोगियों से जुड़े संघर्ष का स्थायी अंत तथा भविष्य में ईरान को धमकी नहीं देने की गारंटी भी उसकी मांगों में शामिल है।

ऐसे में अमेरिका की इनाम संबंधी घोषणा और दोनों देशों के बीच जारी कूटनीतिक प्रयासों के बीच ईरान का परमाणु कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय राजनीति का प्रमुख मुद्दा बना हुआ है।

Share:

  • काम या सेहत, आखिर क्यों KBC की शूटिंग से दूर हैं अमिताभ बच्चन? सामने आईं दो वजहें

    Sun Nov 8 , 2026
    मुंबई। टेलीविजन के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के दर्शकों के लिए अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) से जुड़ी एक खबर चर्चा में है। बताया जा रहा है कि शो की शूटिंग हाल ही में रोकनी पड़ी है और नए एपिसोड तैयार नहीं होने के कारण फिलहाल पुराने एपिसोड प्रसारित किए जा रहे हैं। […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved