
अल्मोड़ा। उत्तराखंड (Uttarakhand) के अल्मोड़ा जिले के चायखान-बेगानिया मार्ग पर सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां बलिया गांव के पास मारुति अल्टो कार (संख्या यूके 04 जेड-5819) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के बाद पूरे बलिया गांव और लमगड़ा क्षेत्र में मातम छा गया है।
एक ही गांव के थे सभी
सूचना मिलते ही लमगड़ा थाना पुलिस, स्थानीय ग्रामीण और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे और खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले चारों मृतक ग्राम बलिया के ही रहने वाले थे। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है।
राजेंद्र सिंह बेलवाल (40 वर्ष), पुत्र नारायण सिंह बेलवाल
जगदीश सिंह (35 वर्ष), पुत्र लक्ष्मण सिंह
लछम सिंह (56 वर्ष), पुत्र प्रताप सिंह
पान सिंह (50 वर्ष), पुत्र बिशन सिंह
नियति का क्रूर खेल
इस हादसे का एक बेहद दर्दनाक पहलू यह भी रहा कि मृतकों में शामिल राजेंद्र सिंह बेलवाल (40 वर्ष) का 18 वर्षीय बेटा सचिन बेलवाल भी उसी कार में सवार था। राजेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है। सचिन के अलावा गोपाल सिंह (45 वर्ष, पुत्र खीम सिंह) भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हायर सेंटर रेफर
दोनों घायलों को तुरंत खाई से निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लमगड़ा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर और नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल जिला अस्पताल अल्मोड़ा (हायर सेंटर) रेफर कर दिया है।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। लमगड़ा थाना पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर कार के खाई में गिरने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन में तकनीकी खराबी थी या हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved