
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां नर्मदापुरम कॉलोनी स्थित एक किराये के कमरे में 19 वर्षीय ITI छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला। इस पूरी घटना में सबसे चौंकाने वाली बत यह है कि मृतक छात्र ने अपने इंस्टाग्राम बायो में अपनी जन्मतिथि के साथ-साथ मृत्यु की तारीख भी पहले से लिख रखी थी और इत्तेफाक भी ऐसा रहा कि ठीक उसी तारीख को उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
मामा के घर में रहकर कर रहा था पढ़ाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान आदेश कनाड़े के रूप में हुई है। आदेश खंडवा की नर्मदापुरम कॉलोनी में अपने मामा के कमरे में रहकर ITI की पढ़ाई कर रहा था। बुधवार को मकान मालिक द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे की जांच के बाद शव को फंदे से नीचे उतरवाया। इसके बाद परिजन उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इंस्टाग्राम बायो और सोशल मीडिया पोस्ट ने खड़े किए सवाल
इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना है आदेश का इंस्टाग्राम बायो। उसने अपने बायो में जन्मतिथि के साथ मृत्यु की तारीख भी दर्ज कर रखी थी। जन्म के आगे 19 जून और मृत्यु के आगे 11 नवंबर लिखा हुआ था, और संयोग देखिए कि ठीक 11 नवंबर को ही उसकी मौत हो गई। सिर्फ इतना ही नहीं, घटना से ठीक पहले उसने सोशल मीडिया पर एक स्टोरी भी पोस्ट की थी, जिसमें जीवन और मृत्यु को लेकर गहरी निराशा और दर्द झलकता हुआ दिखाई दे रहा था।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
शुरुआती जानकारी के सामने आया है कि आदेश सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहता था और उसके अकाउंट पर ब्रेकअप तथा टूटे दिल से जुड़ी कई रील्स भी पोस्ट थीं। चर्चा है कि किसी रिश्ते में खटास और ब्रेकअप के चलते वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में चल रहा था। हालांकि इस बात की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों का कहना है कि घर में किसी भी तरह का कोई विवाद नहीं था और उन्हें इस अचानक उठाए गए कदम के कारणों की कोई जानकारी नहीं है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved