
जबलपुर। जिला प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक घायल मजदूर के इलाज में आ रही बड़ी बाधा को दूर कर दिया। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल सिहोरा निवासी अजय मेहरा के उपचार के लिए आवश्यक आधार कार्ड उपलब्ध कराने हेतु रविवार की छुट्टी के दिन भी आधार केंद्र विशेष रूप से खोला गया। अजय मेहरा पिछले 15 दिनों से कटंगी बायपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। इलाज के दौरान आधार कार्ड की आवश्यकता सामने आई, लेकिन उनके पास कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं था।
इससे उपचार प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर कार्यालय ने तत्काल पहल की। अवकाश होने और कार्यालय समय समाप्त हो जाने के बावजूद आधार केंद्र की टीम को सक्रिय किया गया। टीम ने करीब दो घंटे तक लगातार प्रयास कर बायोमेट्रिक तकनीक की सहायता से अजय मेहरा का पुराना आधार रिकॉर्ड खोज निकाला और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आधार कार्ड उपलब्ध कराया। समय पर आधार कार्ड मिलने से अब घायल मजदूर का इलाज बिना किसी प्रशासनिक बाधा के जारी रह सकेगा। प्रशासन की इस त्वरित और मानवीय पहल की अस्पताल प्रबंधन, परिजनों और स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। जिला प्रशासन का यह कदम दर्शाता है कि संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय और तकनीक का प्रभावी उपयोग किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है।