उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

कृष्ण सुदामा की नगरी में गुरू पूर्णिमा की धूम

  • आज सुबह वर्षा के बीच हुए आयोजन-सांदीपनि आश्रम में संभागायुक्त ने किया पूजन एवं आरती

उज्जैन। भगवान कृष्ण की शिक्षा स्थली रही उज्जैन और यहाँ पर गुरु पूर्णिमा का विशेष महत्व है। आज सुबह पानी बरस रहा था और इस बीच मंगलनाथ रोड स्थित प्राचीन सांदीपनि आश्रम में विधिवत रूप से पूजन हुआ और आरती की गई। इस दौरान अन्य लोग भी मौजूद रहे। विभिन्न मंदिरों में भी हो रहे हैं गुरु पूर्णिमा के आयोजन। क्षीरसागर स्थित एक मंदिर में भी आज सुबह कार्यक्रम हुआ तथा प्रसादी वितरण हुआ।

कोरोना के कारण दो साल बाद एक बार फिर श्रद्धाभाव से आज गुरु पूर्णिमा मनाई जा रही है, हालांकि आज सुबह 8 बजे से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है, इसके बाद शिष्य अपने गुरु का पूजन करने के लिए निकल पड़े। शहर के मंदिरों तथा संस्थानों में भी गुरुपूजन किया जा रहा है। इस बार आज गुरु पूर्णिमा पर मंगल, बुध, गुरु और शनि के अनुकूल स्थिति में विराजमान होने की वजह से शुभ योग बना है, इसमें रूचक योग, भद्र योग, हंस योग और शश नामक राजयोग के नाम से जाना जाता है। देवगुरू बृहस्पति मंदिर सहित अन्य कई प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं तथा भक्तों की भीड़ लगी हुई है। मंगलनाथ रोड स्थित सांदिपनि आश्रम में भी सुबह से ही महोत्सव की धूम है। यहाँ भगवान श्रीकृष्ण, बलराम तथा सुदामा की प्रतिमाओं का आकर्षक श्रृंगार किया गया है। साथ ही गुरु सांदिपनी की विशेष पूजा आराधना की जा रही है। ग्रहण के सूतक काल की वजह से यहाँ भी दोपहर तक पूजन क्रम चलता रहा। इसी प्रकार रामानुज कोट में भी सुबह से ही गुरु पूजन का कार्यक्रम शुरू हो गया। उल्लेखनीय है कि आषाढ़ मास की पूर्णिमा को महर्षि वेद व्यास का जन्म हुआ था। इसलिए इसे व्यास पूर्णिमा भी कहा जाता है। महर्षि वेदव्यास ने चारों वेदों की रचना की थी। इस कारण इन्हें प्रथम गुरु का दर्जा दिया जाता है। पंचांग के अनुसार, आषाढ़ पूर्णिमा तिथि का प्रारंभ आज सुबह चार बजे से हुआ और समापन उसी दिन देर रात 12.06 बजे होगा। पीपलीनाका जानकीनगर भैरवगढ़ रोड पर स्थित दादूराम आश्रम में आज महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानदास महाराज के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा का उत्सव मनाया जा रहा है। सुबह 11.30 बजे से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। अश्रम में शिष्यों व भक्तों द्वारा गुरु पूजन किया जाएगा।

 

तीर्थ पुरोहित महासंघ द्वारा प्रात: 11 भैरवगढ़ मेन रोड पीपली नाका के पास स्थित दादूराम आश्रम पर महामंडलेश्वर ज्ञान दासमहाराज के यहां गुरु उत्सव पूजन से गुरु पूर्णिमा उत्सव प्रारंभ करेंगे। पश्चात उर्दूपुरा स्थित गुर्जर गौड़ धर्मशाला में संत समिति जिला अध्यक्ष विशाल दास महाराज के गुरु उत्सव पूजन तथा इसके पश्चात बडऩगर रोड स्थित तिरुपति धाम जगतगुरु श्रीकांताचार्य महाराज के आश्रम पर गुरु पूजन पश्चात चिंतामन रोड स्थित महामंडलेश्वर अतुलेशानंद सरस्वती आचार्य शेखरजी का पूजन किया जाएगा। सुधांशु महाराज की संस्था विश्व जागृति मिशन द्वारा गुरुपूर्णिमा उत्सव मनाया जाएगा। गुरुदेव 29 जुलाई को एक दिवसीय प्रवचन के लिये उज्जैन पधारेंगे। स्वामी अवधेशानन्द गिरिजी महाराज की संस्था प्रभु प्रेमी संघ परिवार के अनुयायियों द्वारा आज शाम लोटि स्कूल नीलगंगा पर शाम 4:30 बजे कार्यक्रम किया जाएगा। चारधाम मंदिर में 12 जुलाई को गुरू मंत्र दीक्षा का आयोजन हुआ। आज गुरूपूर्णिमा के उपलक्ष्य में मंत्र दीक्षा सुबह 8 से 10 बजे तक हुई और 10 बजे से गुरू पाद पूजन हुआ। गुरूपूर्णिमा के अवसर पर शाम 5 बजे घास मंडी चौराहा से सच्चिदानंद सद्गुरु सांईनाथ महाराज की पालकी यात्रा निकाली जाएगी जो प्रमुख मार्गों से होते हुए रात्रि 8.30 बजे श्र्डिी साईबाबा मंदिर चौबीस खंबा माता मंदिर पुंचेगी। अखिल भारतीय युवा ब्राह्मण समाज, पुजारी महासंघ, महाकाल सेना और देश विदेश से अलग अलग स्थानों से आए हुए भक्तों के द्वारा महाकाल घाटी स्थित आश्रम चाणक्य पर गुरु पूर्णिमा महोत्सव के तहत गुरु का पाद पूजन किया गया। विक्रम विश्वविद्यालय में स्वामी विवेकानंद कैरियर योजना के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किया गय है जिसमें ज्योतिषाचार्य पं.आनंदशंकर व्यास सम्बोधित करेंगे।

Share:

Next Post

12 साल में ही टूटने लगी झोन 3 की गैलरी

Wed Jul 13 , 2022
नगर निगम में भ्रष्टाचार के चलते अपनी ही बिल्डिंगों में नहीं होता सही काम उज्जैन। नगर निगम के जोन 3 की गैलरी 12 साल में ही टूटने लगी है, जबकि किसी भी निर्माण की कम से कम अवधि 50 साल तो होना चाहिए लेकिन नगर निगम के ठेकेदारों ने घटिया निर्माण किया है जिसके चलते […]