बड़ी खबर

राजकीय सम्मान के साथ सुशील मोदी का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलिन


पटना । राजकीय सम्मान के साथ (With State Honours) सुशील मोदी का पार्थिव शरीर (Sushil Modi’s Mortal) पंचतत्व में विलिन किया गया (Remains merged into Panchatatva) । बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का अंतिम संस्कार मंगलवार की शाम राजकीय सम्मान के साथ पटना के गंगा के दीघा घाट पर किया गया । इसके लिए बिहार भाजपा के मंगलवार के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए ।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से एक विज्ञप्ति जारी कर कहा गया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अस्वस्थ होने के कारण उनके आज के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। नीतीश कुमार पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के निधन पर मर्माहत हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्व. सुशील कुमार मोदी का पार्थिव शरीर दिल्ली से पटना विशेष विमान से लाया गया । उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ । मुख्यमंत्री ने उनकी धर्मपत्नी जेसिस जार्ज से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें सांत्वना दी । मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा मोदी के परिजनों, समर्थकों और प्रशंसकों को दुख की इस घड़ी में धैर्य रखने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की ।

बताया गया कि पटना पहुंचने के बाद मोदी का पार्थिव शरीर पहले उनके निजी आवास ले जाया गया, जहां उनके परिजनों और लोगों ने उनके अंतिम दर्शन किए । यहां से उनका पार्थिव शरीर भाजपा प्रदेश कार्यालय ले जाया गया, जहां पार्टी के लोगों ने अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की । इसके बाद उनका पार्थिव शरीर विधानसभा होते हुए दीघा घाट ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया । सोमवार को सुशील कुमार मोदी का दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया था। वे पिछले कई महीनों से कैंसर से पीड़ित थे।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बिहार के उपमुख्यमंत्री और राज्‍यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्‍होंने सार्वजनिक जीवन में उनके उच्च आदर्शों को याद किया। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्‍स पर अपने शोक संदेश में लिखा, “राज्‍यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी जी का आकस्मिक निधन एक अपूरणीय क्षति है। सौम्य स्वभाव, कुशल प्रशासक के रूप में योगदान तथा सार्वजनिक जीवन में शुचिता उनके व्यक्तित्व और कृतित्व में परिलक्षित होते थे। बिहार के उपमुख्यमंत्री, संसद सदस्य और राज्य की विधायिका के दोनों सदनों के सदस्य के रूप में सुशील कुमार मोदी ने उच्च आदर्शों को निभाया। ईश्‍वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को अपना मूल्यवान सहयोगी और मित्र बताते हुए उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बिहार में भाजपा के उत्थान और जीएसटी के पारित होने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को भी याद किया। पीएम मोदी ने सुशील कुमार मोदी के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर को एक्स पर पोस्ट कर कहा, “पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति!”

राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने सन् 74 छात्र आंदोलन के छात्र नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के निधन पर कहा कि हमने एक संघर्ष और आंदोलन का साथी को खो दिया है। इनकी कमी हमेशा महसूस करूंगा। उन्होंने कहा कि सन् 74 के आंदोलन में हम दोनों साथ में संघर्ष और आंदोलन करके अपनी पहचान बनाए थे साथ ही हमारे साथ छात्र आंदोलन में हमारी टीम के सदस्य थे। उनके निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी शोक व्यक्त किया है। पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मोदी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा कि बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री, हमारे अभिभावक, संघर्षशील एवं कर्मठ नेता सुशील कुमार मोदी जी के असामयिक निधन की खबर सुन अत्यंत व्यथित हूं। ईश्वर दिवगंत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा परिजनों व शुभचिंतकों को दुख की इस घड़ी में सम्बल प्रदान करें। राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने भी पूर्व उपमुख्यमंत्री के निधन पर शोक प्रकट किया।

लोजपा (रा) के प्रमुख चिराग पासवान ने मोदी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी जी के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। सुशील कुमार मोदी से परिवारिक रिश्ते थे। उनकी कमी सदैव खलेगी।

Share:

Next Post

अब पांचवें चरण की बारी, अमेठी-रायबरेली पर सबकी नजर, कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौती, इन 5 सीटों पर बदल सकता है गेम

Tue May 14 , 2024
नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) के चार चरण की वोटिंग के बाद अब बारी पांचवे चरण (fifth step) की है. पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर 144 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 20 मई को मतदाता करेंगे. इस चरण का लोकसभा चुनाव अवध और बुदेलखंड के इलाके वाली सीटों […]