इंदौर। आज सुबह मुंबई जा रहे मजदूरों से भरी एक तूफान गाड़ी ट्रक की टक्कर लगने के बाद पलट गई, जिससे उसमें सवार कई लोगों को चोट आई है। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा तेजाजी नगर क्षेत्र में हुआ। यूपी के झांसी का रहने वाला प्रमोद विश्वकर्मा मुंबई में परिवार के साथ रहता है। वह झांसी में रिश्तेदार की गमी में शामिल होकर परिवार के साथ तूफान गाड़ी से लौट रहा था। तेजाजी नगर क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर में जैसे ही उनका वाहन धीरे हुआ तो पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे वाहन पलट गया और उसमें सवार यात्री दब गए। उन्हें अन्य राहगीरों की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। प्रमोद के भतीजे और एक अन्य रिश्तेदार को गंभीर चोटें आई हैं। करीब 12 लोगों को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया। उधर पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया। ट्रक जब्त कर भंवरकुआं थाने पहुंचाया गया है।
रेलवे स्टेशन पर जहर खाने वाली महिला की मौत
इंदौर। रेलवे स्टेशन पर जहर खाने वाली महिला की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार स्टेशन पर एक महिला अचेत मिली थी। उसने जहर खाया था। पुलिस ने उसके बयान लिए तो उसने अपना नाम रानी पति रामचंद्र निवासी बड़ा गणपति बताया। इसके बाद उसकी मौत हो गई। रानी ने जहर क्यों खाया इसका पता नहीं चल पाया है।