इंदौर न्यूज़ (Indore News)

1 नम्बर विधानसभा से शुरू होगा भाजपा आपके द्वार अभियान

  • दो माह लगातार चलेगा अभियान, एक दर्जन पार्षदों के साथ पार्टी पदाधिकारी भी रहेंगे मौजूद, जनकल्याणकारी योजनाओं का करेंगे प्रचार-प्रसार
  • गुरुवार से हर क्षेत्र में जाकर समस्याएं सुनेंगे, स्थानीय भाजपाई भी होंगे शामिल

इंदौर। विधानसभा चुनाव को देखते हुए एक नंबर विधानसभा में भाजपा आपके द्वार अभियान की शुरुआत गुरुवार से की जा रही है। पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता के साथ भाजपा के पदाधिकारी और वार्ड पार्षद क्षेत्र में जाकर लोगों की समस्या सुनेंगे। यह अभियान विधायक आपके द्वार की तर्ज पर शुरू किया जाएगा।

अगले साल विधानसभा चुनाव हैं और एक नंबर की सीट को खोने के बाद भाजपा के कई दावेदारों की निगाह इस सीट पर लगी हुई है, लेकिन पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता यहां फिर से दावेदारी कर रहे हैं। इस सीट पर कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला का कब्जा है और वो भी लगातार विधानसभा में सक्रिय बने हुए हैं। इस बार एक नंबर पर कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। इसको लेकर पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता अब भाजपा के पदाधिकारियों और पार्षदों को लेकर 17 वार्डों में अभियान शुरू करने वाले हैं। शुरुआत 29 दिसम्बर से 1 नंबर वार्ड से शुरू हो रही है। भाजपा आपके द्वार अभियान को विधायक आपके द्वार की तर्ज पर शुरू किया जाएगा।


हालांकि कोरोना काल के पहले यह अभियान चलाया जाता रहा और विधायकी के 10 साल के कार्यकाल में भी गुप्ता ने इसे चलाया। अब एक बार फिर इस अभियान को शुरू किया जा रहा है। इसमें केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भाजपा के वार्ड पार्षद, अध्यक्ष और संयोजक हाथोंहाथ फार्म भी देंगे और उसका लाभ दिलाएंगे। एक वार्ड में तीन से चार दिन का समय दिया जाएगा, ताकि वार्ड की हर गली में जाकर संपर्क किया जा सके और लोगों की समस्याओं को हाल करवाया जा सके। दो महीने तक चलने वाले अभियान के बाद मार्च माह में एक बड़ा हितग्राही और कार्यकर्ता सम्मेलन भी रखे जाने की योजना है, जिसमें प्रदेश और केन्द्र के नेता मौजूद रहेंगे।

Share:

Next Post

निपानिया तालाब में कई मछलियां मृत मिलीं

Tue Dec 27 , 2022
सुबह सुबह निगम की टीमें लोगों की शिकायत के बाद पहुंची, तालाब के पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे इन्दौर। निपानिया में तीन हेक्टेयर के वर्षों पुराने तालाब में आज सुबह कई मछलियां (Fish) मृत मिली, वहां आसपास के हिस्सों में घूमने गए लोगों ने  जब मामला देखा तो निगम अधिकारियों को फोन लगाकर […]