अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कल शहरभर में अनेक कार्यक्रम
इन्दौर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) पर कल भारतीय जनता पार्टी (BJP) जिला इंदौर (Indore) द्वारा व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिले के सभी 16 मंडलों में कुल 50 से अधिक स्थानों पर योग सत्र आयोजित होंगे, जिनमें पार्टी कार्यकर्ता, नेता और विभिन्न क्षेत्रों में निवासरत आम नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
कल आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रमों में महू में अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश जाटव एवं स्थानीय विधायक उषा ठाकुर बाबा साहब अंबेडकर प्रतिमा स्मारक पर नागरिकों और कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक योग करेंगे। राजबाड़ा क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश के मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी और भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा प्रमुख रूप से योग सत्र में भाग लेंगे, वहीं विधायक मधु वर्मा और महापौर पुष्यमित्र भार्गव गोपुर चौराहे पर आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और आमजन को योग अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी द्वारा इस बार योग दिवस को सेवा, स्वास्थ्य और संस्कार के रूप में मनाने का संकल्प लिया गया है, जिसमें समाज के सभी वर्गों को जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, योग कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त करने का संदेश दिया जाएगा, बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवनशैली को भी बढ़ावा मिलेगा।
अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व सामूहिक योगाभ्यास
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इंदौर शहर में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया, वहीं महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी आमजन को योग के प्रति जागरूक किया।
विधानसभा एक के अन्तर्गत आने वाले आइडियल इन्टरनेशनल स्कूल में सुबह 6 बजे आयोजित हुए योग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया और सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया। बच्चों ने भी विभिन्न योग आसनों की सुंदर और अनुशासित प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी, जिसमें देशभक्ति संगीत की पृष्ठभूमि ने माहौल को और भी प्रेरणादायक बना दिया। इस अवसर पर कैलाश विजयवर्गीय ने योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बताते हुए नियमित योग करने की अपील की। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी योग के लाभों पर प्रकाश डालते हुए इसे स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर इंदौर शहर की यह पहल न सिर्फ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश थी, बल्कि सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति भी समर्पण का प्रतीक बनी।
500 महिलाएं एकसाथ योग कर मनाएंगी योगनी एकादशी
देवी कौशल्या योग संघ द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के साथ ही योगनी एकादशी के मौके पर 500 महिलाएं एकसाथ योग कर विश्व रिकॉर्ड कायम करेंगी। आयोजक देवी कौशल्या योग संघ की संचालिका योगिनी रोशनी सचदेव ने बताया ये संयोग की बात है कि 21 जून को योगनी एकादशी भी आ रही है। इस पावन मौके पर स्कीम नं. 103 की 500 से ज्यादा महिलाएं एकसाथ योग करके रिकार्ड बनाएंगी। योग दिवस के मौके को ध्यान में रखते हुए महिलाओं के लिए योग संबंधित कई प्रतियोगिताएं भी रखी गई हैं। आयोजन की मुख्य अतिथि पार्षद कंचन गिदवानी व विशेष अतिथि साहित्यकार अनमोल परियाणी होंगी। आयोजन सुबह 7 से 8 बजे चोइथराम मंडी के सामने होगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved