
मुंबई । भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन (BJP President Nitin Naveen) कल महाराष्ट्र की धार्मिक और आध्यात्मिक यात्रा पर रहेंगे (Will be on religious and spiritual tour of Maharashtra Tomorrow) ।
गणेशोत्सव के शुभ अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्य भर में प्रमुख गणेश पंडालों और मंदिरों में जाकर विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश के दर्शन करेंगे और पूजा-अर्चना करेंगे। वे राज्य और पूरे देश की शांति, समृद्धि और कल्याण के लिए प्रार्थना करेंगे। नितिन नवीन बुधवार सुबह 10:20 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे ऐतिहासिक श्री सिद्धिविनायक मंदिर जाएंगे और भगवान श्री गणेश के दर्शन कर पूजा करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे वे विश्व प्रसिद्ध ‘लालबागचा राजा’ पंडाल में गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेंगे।
इसके बाद वे मालाबार हिल स्थित मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर जाएंगे और वहां स्थापित गणेश प्रतिमा के दर्शन करेंगे। इसके बाद वे मालाबार हिल में ही उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के सरकारी आवासों पर भी जाएंगे और विघ्नहर्ता की पूजा करेंगे। नबीन दोपहर 2:15 बजे बांद्रा रिक्लेमेशन में श्री गणेश दर्शन के लिए पहुंचेंगे।
मुंबई के कार्यक्रमों के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष पुणे पहुंचेंगे। पुणे पहुंचने पर वे कसबा पेठ मंडल में भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद लेंगे और दर्शन करेंगे। इसके बाद बुधवार शाम 5:00 बजे नितिन नवीन पुणे के विश्व प्रसिद्ध ‘श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति मंडल’ में भगवान श्री गणेश के दर्शन और पूजा में शामिल होंगे। बुधवार शाम 5:30 बजे वे सदाशिव पेठ में स्थित ‘साने गुरुजी तरुण मित्र मंडल’ में प्रार्थना करेंगे। इसके बाद वे कोथरूड में ‘श्री साई मित्र मंडल’ में भी भगवान श्री गणेश के दर्शन करेंगे। यह एक दिवसीय यात्रा पूरी तरह से धार्मिक और आध्यात्मिक होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved